Sonipat News: देशभर में पराठों और खास जायके के लिए मशहूर हरियाणा के मुरथल ढाबे अब आधुनिक टेक्नोलॉजी को लेकर चर्चा में हैं। मुरथल स्थित रेशम ढाबे पर ग्राहकों को खाना परोसने के लिए रोबोट वेटर तैनात किया गया है। टेबल तक ऑटोमैटिक तरीके से खाना पहुंचाने वाले इस रोबोट को देखकर लोग हैरान और आकर्षित हो रहे हैं।
नेविगेशन सिस्टम और रिमोट कंट्रोल से संचालित होता है रोबोट
किचन में ऑर्डर तैयार होते ही फूड ट्रे को रोबोट पर रखा जाता है। इसके बाद इनबिल्ट नेविगेशन सिस्टम की मदद से रोबोट तय रूट पर चलता हुआ सीधे ग्राहक की टेबल तक पहुंचता है। इसे सॉफ्टवेयर चिप और रिमोट कंट्रोल से ऑपरेट किया जाता है, जबकि फाइबर बॉडी और लाल एलईडी आंखें इसे खास लुक देती हैं।
बेंगलुरु की टीम ने तैयार किया अनोखा रोबोटिक वेटर
ढाबा मैनेजर संजय के अनुसार इसे बेंगलुरु की विशेषज्ञ टीम ने तैयार किया है, जिसका मकसद ग्राहकों को जायके के साथ नई टेक्नोलॉजी का रोमांचक अनुभव देना है। यह रोबोट सिंगल चार्ज में लगभग दो घंटे तक लगातार सर्विस देता है। ढाबा संचालक इसके लिए ग्राहकों से कोई भी अतिरिक्त चार्ज नहीं ले रहे हैं।
ढाबे पर आने वाले ग्राहकों, खासकर बच्चों में इस अनोखे रोबोट वेटर को लेकर भारी उत्साह नजर आ रहा है। लोग रोबोट के साथ सेल्फी लेने और वीडियो बनाने में व्यस्त दिखते हैं। रोबोट के सुरक्षित संचालन के लिए अलग टीम तैनात की गई है, जो रिमोट से इसकी पूरी गतिविधियों पर नजर रखती है।