Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में दो पत्नियों के पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत द्वारा सुनाया गया अनोखा फैसला एक सप्ताह में ही निष्प्रभावी हो गया। पंचायत के फैसले के अनुसार पति को दोनों पत्नियों के साथ तीन-तीन दिन रहना था, लेकिन अब नया विवाद सामने आया है।
अब छोटी पत्नी अपने पति को छोड़कर अचानक कहीं चली गई है। वह अपनी छोटी बेटी को अपने साथ ले गई है, जबकि बड़ी बेटी को रास्ते में ही छोड़ दिया। इस मामले में फिलहाल स्थानीय पुलिस को कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं सौंपी गई है। पुलिस तहरीर मिलने पर कार्रवाई करेगी।
बेटे की चाहत में युवक ने छिपकर रचाई थी दूसरी शादी
यह मामला रामपुर जिले के दढ़ियाल पुलिस चौकी क्षेत्र का है। स्थानीय युवक की पहली शादी लगभग 14 साल पहले उत्तराखंड की रहने वाली युवती से हुई थी। उनसे उसकी दो बेटियां हुईं। इसके बाद बेटे की चाहत में युवक ने पहली पत्नी की बिना सहमति के दूसरी शादी कर ली।
दूसरी पत्नी के साथ चार साल रहने के बाद भी युवक को दो और बेटियां ही हुईं। इस दौरान युवक अपनी दूसरी पत्नी के साथ रहने लगा और पहली पत्नी की अनदेखी करने लगा। पहली पत्नी के सामने आर्थिक संकट पैदा हुआ तो तीनों के बीच विवाद काफी गहरा गया।
विवाद बढ़ने पर पंचायत ने निकाला था तीन-तीन दिन का फॉर्मूला
पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत ने फैसला दिया था कि पति दोनों पत्नियों के साथ तीन-तीन दिन रहेगा और एक दिन अपनी मर्जी से बिताएगा। सभी पक्षों ने इस फैसले को स्वीकार किया था, लेकिन यह व्यवस्था एक हफ्ते भी टिक नहीं पाई।
रविवार को छोटी पत्नी अचानक घर से बिना बताए गायब हो गई। पति ने उसकी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। दढ़ियाल चौकी प्रभारी ब्रजेश कुमार जैसवाल ने बताया कि पति या परिजनों की तरफ से लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
