Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में शनिवार दोपहर एक खौफनाक हादसा हुआ। बेटे के साथ दवा लेने जा रही 50 वर्षीय महिला का दुपट्टा चलती रेहड़ी के एक्सल में फंस गया। दुपट्टा खिंचने से महिला की गर्दन कटकर धड़ से अलग हो गई और मौके पर ही मौत हो गई।
हल्दौर थाना क्षेत्र निवासी सुमन देवी अपने बेटे के साथ रेहड़े पर सवार होकर अस्पताल जा रही थीं। दोपहर करीब दो बजे जब उनका रेहड़ा कोतवाली शहर क्षेत्र स्थित रूट्स कॉलेज के पास पहुंचा, तभी हवा में उड़ रहा दुपट्टा रेहड़े के पहिए और घूम रहे एक्सल में जा उलझा।
अचानक खिंचाव से पलक झपकते ही हुआ हादसा
जब तक रेहड़े को रोका जाता, एक्सल के चक्कर के साथ दुपट्टा तेजी से लिपटता चला गया। खिंचाव इतना भयानक था कि महिला के गले पर भारी दबाव पड़ा और उनकी गर्दन कट गई। महिला को चीखने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मां की आंखों के सामने हुई दर्दनाक मौत से साथ मौजूद बेटा बदहवास हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली शहर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू की।
लापरवाही बन सकती है जानलेवा
पुलिस की प्राथमिक जांच में यह मामला एक दुखद हादसा ही लग रहा है, जो कपड़े के एक्सल में फंसने के कारण हुआ। खुले वाहनों में सफर के दौरान दुपट्टे, साड़ी के पल्लू या लंबे कपड़ों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, वरना थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा बन सकती है।