जनगणना 2027 की तारीखों का हुआ ऐलान, 25 जनवरी से 28 फरवरी तक होगी जनसंख्या की गणना

Share

- Advertisement -

National News: भारत में जनगणना 2027 के तहत आबादी की गणना 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक कराई जाएगी। भारत के रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी की। चुनाव वाले राज्यों और बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर यह अभियान देशभर में चलेगा, जिसके लिए 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे को संदर्भ तिथि तय किया गया है।

देशभर में बहुप्रतीक्षित ‘जनगणना 2027’ के तहत जनसंख्या गणना (Population Enumeration) का कार्यक्रम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया गया है। भारत के रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच घर-घर जाकर लोगों की गिनती की जाएगी।

इस पूरी जनगणना प्रक्रिया के लिए संदर्भ तिथि (Reference Date) 1 मार्च 2027 की रात 12:00 बजे (00:00 घंटे) निर्धारित की गई है।

10 से 24 जनवरी तक मिलेगा स्व-गणना (Self-Enumeration) का विकल्प

नागरिकों की सुविधा और डिजिटल प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए सरकार इस बार स्व-गणना का विकल्प भी दे रही है। घर-घर जाकर गणना शुरू होने से पहले, 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक लोग पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से प्रगणक (Enumerators) शेष परिवारों का विवरण जुटाने के लिए फील्ड में उतरेंगे।

वहीं, पूरी गणना प्रक्रिया संपन्न होने के बाद 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक ‘पुनरीक्षण चरण’ (Revisional Round) आयोजित किया जाएगा। इस दौरान संदर्भ तिथि तक जन्म, मृत्यु या स्थान परिवर्तन से जुड़े आंकड़ों का अंतिम मिलान कर रिकॉर्ड को अपडेट किया जाएगा।

चुनावी और बर्फबारी वाले क्षेत्रों को फिलहाल रखा गया अलग

जारी अधिसूचना के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनावों और प्रतिकूल मौसम को ध्यान में रखते हुए कुछ क्षेत्रों को इस चरण से अलग रखा गया है। मणिपुर (आगामी घोषणा तक), चुनावी राज्य जैसे गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड तथा लद्दाख सहित हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बर्फबारी से प्रभावित गैर-समकालिक (Non-synchronous) क्षेत्रों में यह गणना इस निर्धारित अवधि में नहीं होगी। इन क्षेत्रों के लिए संशोधित व अलग कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News