बैंक खाते फ्रीज होने के बाद तृणमूल ने कार्यालय खर्च के लिए 90 लाख रुपये जारी करने की मांग की

Share

- Advertisement -

Kolkata News: प्रवर्तन निदेशालय द्वारा बैंक खाते फ्रीज किए जाने के बाद तृणमूल कांग्रेस वित्तीय संकट का सामना कर रही है। पार्टी ने अपने दैनिक कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए जून और जुलाई महीने के खर्च हेतु करीब 90 लाख रुपये की मांग अदालत द्वारा नियुक्त स्पेशल ऑफिसर से की है।

कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के तहत पार्टी ने स्पेशल ऑफिसर और पूर्व जज सुब्रत तालुकदार को पत्र भेजा है। इस पत्र में तृणमूल ने कार्यालय के जरूरी खर्चों के लिए फंड जारी करने की अपील की है, ताकि पार्टी का दैनिक प्रशासनिक कामकाज बिना रुकावट चल सके।

ईडी की कार्रवाई के बाद पार्टी का कामकाज प्रभावित

ईडी ने तृणमूल कांग्रेस के तीन बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। इन बैंक खातों में लगभग 440 करोड़ रुपये जमा हैं। पार्टी का कहना है कि खाते बंद होने से दैनिक खर्च, जरूरी प्रशासनिक काम और कर्मचारियों के वेतन का भुगतान करने में भारी परेशानी आ रही है।

सुप्रीम कोर्ट में पार्टी के वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने जानकारी दी थी कि फंड न होने के कारण पार्टी के 215 कर्मचारियों का वेतन बकाया है। हालांकि, केंद्र सरकार ने इसका कड़ा विरोध करते हुए दावा किया कि तृणमूल के पास अभी भी 164 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं।

हाई कोर्ट ने शर्तों के साथ दी थी अनुमति

हाई कोर्ट ने एक अन्य मामले में फ्रीज खाते से तय शर्तों पर सीमित फंड इस्तेमाल करने की इजाजत दी थी। इसके लिए अदालत ने स्पेशल ऑफिसर नियुक्त किया था। अब पार्टी ने उसी व्यवस्था के तहत 90 लाख रुपये जारी करने की औपचारिक मांग की है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News