Madurai News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सोमवार को एक नई कल्याणकारी योजना का आगाज करेंगे। इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को एक ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। मुख्यमंत्री मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल से इसकी शुरुआत करेंगे।
मुख्यमंत्री विशेष विमान से मदुरै पहुंचकर राजाजी अस्पताल के सभागार में इस योजना की औपचारिक शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वे 25 नवजात शिशुओं को सोने की अंगूठियां भेंट करेंगे। इसके साथ ही वे प्रसूति वार्ड का दौरा कर उस दिन जन्मे बच्चों को व्यक्तिगत रूप से अंगूठियां देंगे।
स्थायी निवासी होना अनिवार्य, सालाना 755 करोड़ का बजट
योजना का लाभ लेने के लिए नवजात शिशुओं की माताओं का तमिलनाडु की स्थायी निवासी होना आवश्यक है। पहले यह योजना पूर्व मुख्यमंत्री सी. एन. अन्नादुरै की जयंती पर 15 सितंबर को शुरू होनी थी। मुख्यमंत्री की लंदन यात्रा के चलते कार्यक्रम की तारीख को आगे बढ़ाया गया था।
इस योजना के तहत सरकारी अस्पताल में जन्मे हर पात्र शिशु को 22 कैरेट सोने की एक ग्राम अंगूठी मिलेगी। राज्य सरकार ने इस पूरी योजना के लिए सालाना 755.83 करोड़ रुपए का बजट तय किया है। पहले चरण के अंतर्गत कुल 1.28 लाख सोने की अंगूठियां तैयार की गई हैं।