पहाड़ों की ऊंची चोटियों पर बिछी बर्फ की सफेद चादर, उत्तराखंड-हिमाचल और कश्मीर में हिमपात से मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड

Share

- Advertisement -

National News: उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है और ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। रविवार को उत्तराखंड के बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और पंचाचूली सहित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ। वहीं, हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति, रोहतांग व कुल्लू के जलोड़ी दर्रे और कश्मीर के सोनमर्ग व जोजिला में जबरदस्त बर्फबारी दर्ज की गई है। पहाड़ों पर हुई इस बर्फबारी के चलते दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में भी ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है।

उत्तराखंड की घाटियों में बर्फबारी, निचले इलाकों में बूंदाबांदी

उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल स्थित व्यास, दारमा और जोहार घाटियों में भी हिमपात रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा, मुनस्यारी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खलिया टॉप में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। निचले और मध्य क्षेत्रों की बात करें तो देहरादून, मसूरी, नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं, जौलजीबी में बारिश और तेज हवाओं के कारण मेले के लिए लगाए गए बैनर और पोस्टर उड़ गए।

कश्मीर में लुढ़का पारा, गुलमर्ग में माइनस 2.5 डिग्री तक पहुंचा तापमान

जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग, गुरेज घाटी और जोजिला दर्रे में करीब एक से दो इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में भी हल्की बर्फबारी हुई, जिससे शनिवार रात यहां का न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम में आए इस बदलाव के कारण कश्मीर घाटी के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री नीचे बना हुआ है। इसके अतिरिक्त, जम्मू संभाग के भी कई जिलों में न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने से सर्दी बढ़ गई है।

हिमाचल में बर्फबारी ने बढ़ाई पर्यटन कारोबार की रफ्तार

हिमाचल प्रदेश में लाहुल-स्पीति, रोहतांग और जलोड़ी जोत में बिछी बर्फ की सफेद चादर सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। ऊंची चोटियों पर हुए इस ताजा हिमपात ने राज्य के पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार दी है। बर्फबारी का आनंद लेने के लिए इस सप्ताहांत शिमला, मनाली और धर्मशाला सहित हिमाचल के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News