Chhatrapati Sambhajinagar News: महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की सराहना की है। उन्होंने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के निवासी दीपके ने देश में एक बड़ी क्रांति की शुरुआत की है, इसलिए उन्हें पूरी सुरक्षा मिलनी चाहिए।
अभिजीत दीपके के परिवार से मुलाकात कर जताई चिंता
छत्रपति संभाजीनगर के वालुज एमआईडीसी स्थित दीपके के घर पहुंचे मंत्री शिरसाट ने परिजनों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि सीजेपी का विरोध प्रदर्शन खत्म हो गया है, लेकिन टाइफाइड होने के कारण अभिजीत अभी घर नहीं लौट सके हैं। दीपके के परिवार की सुरक्षा को लेकर उनके माता-पिता काफी चिंतित हैं।
संजय शिरसाट ने स्पष्ट किया कि वे प्रभारी मंत्री के अलावा एक पारिवारिक संबंध के नाते वहां पहुंचे हैं। वे दीपके के परिवार को 25 वर्षों से भी अधिक समय से जानते हैं। अभिजीत के महाराष्ट्र लौटते ही उन्हें पर्याप्त सुरक्षा प्रदान कराने के लिए मंत्री जल्द ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात करेंगे।
सीजेपी आंदोलन की सफलता और केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा
युवाओं के नेतृत्व वाली कॉकरोच जनता पार्टी के 36 दिनों के लंबे आंदोलन के बाद बड़ी सफलता मिली है। परीक्षा प्रणाली में धांधली और नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपना इस्तीफा देना पड़ा, जिसके बाद यह आंदोलन समाप्त हुआ।
राजनीतिक नजरिए से बचने के लिए मंत्री ने पहले परिवार से मुलाकात नहीं की थी। शिरसाट ने बताया कि अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से जनसंपर्क में स्नातकोत्तर दीपके को अमेरिका में नौकरी का ऑफर मिला था। हालांकि, नौकरी छोड़कर उन्होंने छात्रों के हितों के लिए काम करने का रास्ता चुना।