Jodhpur News: राजस्थान के जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर भारत और जापान की वायु सेनाओं का संयुक्त अभ्यास ‘वीर गार्जियन’ बुधवार से शुरू हो गया है। 22 सितंबर तक चलने वाले इस युद्धाभ्यास में दोनों देशों के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान आसमान में अपनी मारक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
राफेल, सुखोई और तेजस भरेंगे उड़ान
इस चौदह दिवसीय हवाई युद्धाभ्यास में भारतीय वायु सेना के प्रमुख फ्रंटलाइन फाइटर जेट्स शामिल हो रहे हैं। इनमें स्वदेशी लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस, सुखोई एसयू-30 एमकेआई और राफेल विमान शामिल हैं। वहीं जापान की एयर सेल्फ डिफेंस फोर्स अपने आधुनिक एफ-2ए लड़ाकू विमानों के साथ इस अभ्यास में हिस्सा ले रही है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के जांबाज पायलट इस दौरान कई जटिल मिशनों को अंजाम देंगे। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच रणनीतिक तालमेल को मजबूत करना और आपसी समझ बढ़ाना है। यह युद्धाभ्यास भारत और जापान के बीच गहरे होते रणनीतिक संबंधों की मजबूती को भी दर्शाता है।
पोखरण में ड्रोनथॉन-2026 का होगा आयोजन
इस द्विपक्षीय युद्धाभ्यास के अलावा भारतीय वायु सेना राजस्थान के जैसलमेर जिले में स्थित पोखरण रेंज में ‘ड्रोनथॉन-2026’ कार्यक्रम आयोजित करेगी। यह विशेष आयोजन 14 से 16 सितंबर के बीच संपन्न होगा, जिसमें देश भर के रक्षा विनिर्माताओं को अपनी आधुनिक क्षमताएं प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम का प्राथमिक उद्देश्य घरेलू कंपनियों को नई ड्रोन तकनीक और काउंटर-ड्रोन प्रणालियों को सामने लाने का अवसर देना है। इससे सुरक्षा बल आधुनिक तकनीकी क्षमताओं का प्रत्यक्ष आकलन कर सकेंगे और भविष्य के युद्ध अभियानों के लिए स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा मिल सकेगा।