Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में भारी वाहनों के दबाव और ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए 11,764 करोड़ रुपये की लागत वाली उत्तरी रिंग रोड परियोजना पर काम तेज हो गया है। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने भूमि अधिग्रहण के लिए धारा 3A के तहत नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। करीब 100 किलोमीटर लंबी यह सड़क चौमूं, आमेर, जमवारामगढ़, बस्सी, चंदवाजी और अचरोल से होकर गुजरेगी, जिससे शहर के भीतर भारी वाहनों का प्रवेश रुकेगा।
जयपुर में तेजी से बढ़ते शहरीकरण और वाहनों की आवाजाही के कारण दिल्ली रोड, आगरा रोड, अजमेर रोड, टोंक रोड और सीकर रोड पर लगातार जाम की स्थिति बन रही है। दूसरे राज्यों और शहरों से आने वाले भारी वाहनों को कई बार शहर के अंदरूनी मार्गों से होकर गुजरना पड़ता है। 11,764 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली लगभग 99.35 से 101 किलोमीटर लंबी उत्तरी रिंग रोड (नॉर्थ रिंग रोड) इसी समस्या का स्थायी समाधान बनेगी।
NHAI ने शुरू की भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया
केंद्र सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने जमीन अधिग्रहण का काम आगे बढ़ा दिया है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत धारा 3A की अधिसूचना जारी की जा चुकी है। यह अधिसूचना जमीन अधिग्रहण की पहली औपचारिक प्रक्रिया होती है, जिसमें परियोजना के लिए आवश्यक भूमि को चिह्नित कर मंशा सार्वजनिक की जाती है। अब दावों और आपत्तियों के निस्तारण सहित अन्य विधिक चरणों को पूरा किया जा रहा है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
इन इलाकों को जोड़ेगा 100 किमी लंबा रूट
प्रस्तावित योजना के मुताबिक यह रिंग रोड जयपुर के बाहरी हिस्सों में एक मजबूत वैकल्पिक सड़क नेटवर्क तैयार करेगी। यह मार्ग चौमूं, आमेर, जमवारामगढ़, बस्सी, चंदवाजी और अचरोल जैसे प्रमुख क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगा। इससे एक हाईवे से दूसरे हाईवे पर जाने वाले वाहनों को जयपुर शहर में प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बाईपास मिलने से शहर के प्रमुख चौराहों पर जाम घटेगा, यात्रा के समय और ईंधन की बचत होगी तथा प्रदूषण के स्तर में भी कमी आएगी।
दक्षिण रिंग रोड के अधूरे कार्यों में भी तेजी
राजधानी के समग्र सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त करने के तहत दक्षिण रिंग रोड के शेष कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। आगरा रोड से टोंक रोड और अजमेर रोड को जोड़ने वाले खंडों में अधूरे पड़े क्लोवर लीफ इंटरचेंज और अन्य निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। क्लोवर लीफ इंटरचेंज बनने से अलग-अलग दिशाओं का ट्रैफिक बिना सिग्नल या रेड लाइट पर रुके सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा।
उत्तर और दक्षिण रिंग रोड के पूर्ण रूप से जुड़ने के बाद जयपुर को सिग्नल-फ्री आउटर नेटवर्क मिलेगा। इससे न केवल आम जनता को राहत मिलेगी, बल्कि आसपास के कस्बों, औद्योगिक क्षेत्रों, लॉजिस्टिक्स और रियल एस्टेट सेक्टर को भी बड़ा लाभ मिलेगा।