पंजाब कांग्रेस का कलह बढ़ा, बरनाला में राजा वड़िंग के भाषण के दौरान चन्नी समर्थकों ने की नारेबाजी

Share

- Advertisement -

Barnala News: पंजाब कांग्रेस का अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रहा है। पटियाला में हुई बैठक में हंगामे के बाद अब बरनाला में आयोजित पार्टी मीटिंग में भी भारी बवाल देखने को मिला। प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग के संबोधन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने उनके पक्ष में जमकर नारेबाजी की।

जनसंपर्क अभियान की बैठक के दौरान मंच पर मौजूद थे भूपेश बघेल

बरनाला में आयोजित जनसंपर्क अभियान के तहत पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग कार्यकर्ताओं से संवाद करने पहुंचे थे। इस महत्वपूर्ण बैठक में चरणजीत सिंह चन्नी खुद मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके समर्थक बड़ी संख्या में पहुंचे थे। उन्होंने कार्यक्रम के बीच में ही चन्नी के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए।

चन्नी समर्थकों ने मंच के सामने ‘चन्नी लाओ-पंजाब बचाओ’ और ‘चन्नी लाओ-कांग्रेस बचाओ’ जैसे नारे लगाए। इस दौरान मंच पर पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल भी उपस्थित थे। समर्थकों के इस तरह अचानक उग्र विरोध को देखकर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। राजा वड़िंग को अपना भाषण रोककर कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की बात कहनी पड़ी।

राजा वड़िंग ने की कार्यकर्ताओं से शांति और अनुशासन की अपील

बैठक में बढ़ते विरोध और हंगामे को देखते हुए राजा वड़िंग ने मंच से कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने पार्टी वर्करों से शांति बनाए रखने और अनुशासन में रहने का अनुरोध किया। हालांकि, समर्थकों की इस नारेबाजी ने एक बार फिर पार्टी के भीतर जारी गुटबाजी और कलह को सार्वजनिक रूप से उजागर कर दिया है।

यह पहला मौका नहीं है जब चन्नी समर्थकों ने राजा वड़िंग का इस तरह सार्वजनिक मंच पर विरोध किया हो। इससे पहले भी कई बैठकों में प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ ऐसी नारेबाजी हो चुकी है। लगातार हो रहे इस घटनाक्रम से राज्य में कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है, जिससे आलाकमान की चिंताएं बढ़ गई हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News