New Delhi News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तीन राज्यों की विधानसभा सीटों पर हुए उप-चुनावों के परिणामों को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर मिले नतीजों का गहन आत्ममंथन करेगी।
नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर जनादेश का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता का विश्वास दोबारा हासिल करने के लिए नए संकल्प के साथ काम करेगी। उल्लेखनीय है कि बांकीपुर सीट नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद चुने जाने और विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी ।
बांकीपुर में जन सुराज और दतिया में कांग्रेस का कब्जा
बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने ऐतिहासक जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के उम्मीदवार को बड़े अंतर से हराया। वहीं मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी ने बीजेपी उम्मीदवार को शिकस्त देकर सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा।
दूसरी तरफ गुजरात की मांजलपुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पकड़ बनाए रखी और जीत हासिल की। बीजेपी अध्यक्ष ने मांजलपुर के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। पार्टी का कहना है कि वे कमियों को दूर कर आगामी चुनावों में मजबूती से वापसी करेंगे ।