नवी मुंबई के गोदाम में लगी भीषण आग, धुएं से मचा हड़कंप; दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

Share

- Advertisement -

Navi Mumbai News: नवी मुंबई के सानपाड़ा में माफको मार्केट के पीछे स्थित तेल कंपनी के गोदाम में रविवार रात भीषण आग लग गई। गोदाम में तेल का भंडार और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने से आग ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया। ऊंची लपटों और घने धुएं से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि गोदाम से रुक-रुककर धमाके जैसी आवाजें सुनाई दीं। आग लगने की सूचना मिलते ही ऐरोली, रबाले, कोपरखैरने, वाशी, नेरुल और सीबीडी बेलापुर समेत छह स्टेशनों की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी गोदाम के अंदर से आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे। पुलिस और बचाव एजेंसियों की टीमें भी मौके पर पहुंचीं।

आग बुझाना मुश्किल, आसपास की इकाइयों पर खतरा

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गोदाम में तेल और ज्वलनशील सामग्री होने की वजह से आग बुझाना काफी मुश्किल हो गया। पास की औद्योगिक इकाइयों और गोदामों में आग फैलने से रोकना सबसे बड़ी चुनौती रही।

छुट्टी के दिन कोई कर्मचारी नहीं था, टला बड़ा हादसा

रविवार छुट्टी का दिन होने के कारण गोदाम में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गोदाम में रखे तेल, मशीनरी और सामान के भारी नुकसान की आशंका है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News