Kolkata News: पश्चिम बंगाल के हिंगलगंज से भाजपा विधायक और संदेशखाली आंदोलन की प्रमुख चेहरा रहीं रेखा पात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शरीर में संदिग्ध जहर के असर के संकेत मिलने के बाद उन्हें इंटेंसिव ट्रीटमेंट यूनिट (ITU) में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
21 नवंबर की रात करीब 9 बजे रेखा पात्रा की हिंगलगंज स्थित उनके आवास पर अचानक तबीयत खराब हुई। परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बसीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किया गया। बसीरहाट में करीब चार घंटे तक चले इलाज के बावजूद जब उनकी स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों ने उन्हें कोलकाता रेफर कर दिया।
आईटीयू में चल रहा इलाज, कारणों की जांच जारी
कोलकाता के निजी अस्पताल में डॉक्टर युद्धजीत सेनगुप्ता की निगरानी में रेखा पात्रा का इलाज चल रहा है। भाजपा नेता अर्चना दास मजूमदार ने जानकारी दी कि उन्हें आईटीयू में रखा गया है। 22 नवंबर को सामने आई जानकारी के मुताबिक, उनके शरीर में जहरीले पदार्थ के असर के संकेत मिले हैं। हालांकि, यह मामला सामान्य फूड प्वाइजनिंग का है या किसी कीटनाशक के शरीर में जाने का, इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
इस बीच, पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने भी अस्पताल पहुंचकर विधायक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि रात में भोजन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी, जिसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और डॉक्टर उनके उपचार में जुटे हैं। पुलिस और प्रशासन भी इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह संदिग्ध पदार्थ उनके शरीर में कैसे पहुंचा।
संदेशखाली आंदोलन से विधानसभा तक का सफर
उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली की रहने वाली रेखा पात्रा एक बेहद साधारण परिवार से आती हैं और राजनीति में आने से पहले दूसरों के घरों में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। फरवरी 2024 में संदेशखाली उस समय देशभर में चर्चा का केंद्र बन गया था, जब स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां और उसके सहयोगियों पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न और ग्रामीणों की जमीन पर जबरन कब्जा करने के गंभीर आरोप लगे थे।
5 जनवरी 2024 को राशन घोटाले की जांच करने पहुंची प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पर हमले के बाद शेख शाहजहां फरार हो गया था। इसके बाद 8 फरवरी 2024 को संदेशखाली की महिलाएं सड़कों पर उतर आईं और रेखा पात्रा इस आंदोलन की सबसे मुखर आवाज बनकर उभरीं। उनकी और एक अन्य महिला की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के बाद 29 फरवरी 2024 को शेख शाहजहां की गिरफ्तारी हुई। 26 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर बात कर रेखा पात्रा के साहस की सराहना की थी और उन्हें ‘शक्ति स्वरूपा’ कहा था।
2026 के विधानसभा चुनाव में दर्ज की थी जीत
संदेशखाली आंदोलन से मिली राष्ट्रीय पहचान के बाद भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में रेखा पात्रा को बशीरहाट सीट से उम्मीदवार बनाया था, हालांकि उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पार्टी ने उन पर भरोसा कायम रखा और 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हिंगलगंज सीट से टिकट दिया। इस चुनाव में रेखा पात्रा ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार आनंद सरकार को 5,421 वोटों के अंतर से हराकर पहली बार विधानसभा में कदम रखा।