Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ में एनएच-33 पर अज्ञात वाहन से स्कॉर्पियो की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। नालंदा का यह परिवार बहू की सरकारी शिक्षक की नौकरी लगने की खुशी में रजरप्पा मंदिर जा रहा था।
झारखंड के रामगढ़ जिले में एनएच-33 पर अज्ञात वाहन से स्कॉर्पियो की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं।
रजरप्पा पूजा के लिए निकला था नालंदा का परिवार
मृतक बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंघरों गांव के रहने वाले बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार, विवेक कुमार की पत्नी की सरकारी स्कूल में शिक्षक पद पर नौकरी लगी थी। इसी खुशी में परिवार के सदस्य रजरप्पा मंदिर में पूजा करने जा रहे थे।
विवेक कुमार एक निजी स्कूल संचालित करते हैं। बताया गया है कि चालक को छोड़कर वाहन में सवार बाकी लोग एक ही परिवार के थे।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, शव पोस्टमार्टम को भेजे
सूचना मिलते ही कुज्जू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों व मृतकों को रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन व पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और बिहार से परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
पैंकी के पास कुछ घंटे पहले भी हुआ था हादसा
पैंकी के पास जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, उसी के आसपास शनिवार देर शाम भी हादसा हुआ था। वहां एक कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार पिता और बेटी की मौत हो गई थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने एनएच-33 फोरलेन को कई घंटे तक जाम रखा था। इसी क्षेत्र से कुछ दूरी पर देर रात यह बड़ा हादसा हुआ।