झारखंड के रामगढ़ में दर्दनाक हादसा, मंदिर जा रहे बिहार के 13 लोगों की मौत, एक घायल

Share

- Advertisement -

Jharkhand News: झारखंड के रामगढ़ में एनएच-33 पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। मरने वालों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सभी मृतक बिहार के एक ही गांव के रहने वाले थे। वे छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।

रामगढ़ जिले में रांची-पटना हाईवे पर 14 लोगों से भरी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी आगे चल रहे एक वाहन से टकरा गई। इससे 13 लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। स्कॉर्पियो बिहार के नालंदा जिले से आ रही थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार सुबह बताया कि यह हादसा तड़के करीब दो बजे कुज्जू चौकी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पैंकी में हुआ।

रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस अधिकारी आलोक रंजन ने पीटीआई को बताया कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

राजरप्पा मंदिर जा रहे थे पीड़ित

रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन अनिल कुमार ने बताया कि ये सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंघारो गांव के रहने वाले थे। वे राजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, सिविल सर्जन अनिल कुमार ने बताया कि गाड़ी में सवार 14 लोगों में से 13 की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। उसका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

एसडीपीओ रंजन ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि असल में क्या हुआ था और टक्कर किस वजह से हुई।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News