झारखंड में जमीन-मकान की रजिस्ट्री अब महंगी, स्टांप शुल्क पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज लागू

Share

- Advertisement -

Jharkhand News: झारखंड के शहरी इलाकों में जमीन, मकान और फ्लैट की रजिस्ट्री कराना अब महंगा हो गया है। राज्य सरकार ने स्टांप और निबंधन शुल्क की कुल राशि पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज लगाने का फैसला किया है। यह व्यवस्था 23 नवंबर से लागू हो गई है। इससे संपत्ति खरीदने वालों पर अब पहले से ज्यादा खर्च आएगा।

नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से झारखंड नगरपालिका भूमि/भवन स्थानांतरण अधिभार नियमावली-2026 अधिसूचित कर दी गई है। नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार के हस्ताक्षर से 20 नवंबर को अधिसूचना जारी की गई थी। इसका प्रकाशन 23 नवंबर को झारखंड गजट में किया गया। नई नियमावली राज्य के सभी नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत और अधिसूचित औद्योगिक नगरी क्षेत्रों में लागू होगी।

कितना बढ़ेगा खर्च

नई व्यवस्था के तहत संपत्ति के बाजार मूल्य पर सीधे 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा, बल्कि स्टांप और निबंधन शुल्क की कुल राशि पर 10 प्रतिशत अधिभार देना होगा। वर्तमान में चार प्रतिशत स्टांप शुल्क और तीन प्रतिशत निबंधन शुल्क के हिसाब से कुल सात प्रतिशत शुल्क लगता है। इस पर 10 प्रतिशत अधिभार जुड़ने से प्रभावी खर्च 7.7 प्रतिशत हो जाएगा। पांच लाख रुपये की संपत्ति की रजिस्ट्री पर पहले 35 हजार रुपये खर्च होते थे, अब 3,500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।

इसी तरह 10 लाख की संपत्ति पर सात हजार, 20 लाख पर 14 हजार, 50 लाख पर 35 हजार और एक करोड़ रुपये की संपत्ति पर 70 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च होंगे। संपत्ति की कीमत बढ़ने के साथ यह अतिरिक्त खर्च भी बढ़ता जाएगा।

वसूली ऑनलाइन, वापसी का प्रावधान

नई नियमावली के तहत अधिभार की गणना और वसूली ऑनलाइन होगी। इसके लिए राज्य शहरी विकास अभिकरण (सुडा) भुगतान संग्रह की प्रक्रिया तैयार करेगा। नगर निकायों को अलग बैंक खाते खोलने होंगे। अधिभार की राशि सीधे संबंधित नगर निकाय या औद्योगिक नगरी के खाते में जमा होगी। इसकी वसूली की जिम्मेदारी निबंधन पदाधिकारियों की होगी। यदि किसी कारण से संपत्ति का निबंधन नहीं होता है, तो वसूली गई अधिभार राशि वापस कर दी जाएगी। स्टांप या निबंधन शुल्क माफ होने की स्थिति में अधिभार भी स्वतः समाप्त हो जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News