रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी की जांच तेज, अफसरों और बिल्डरों के बैंक खाते और संपत्ति खंगाली जा रही

Share

- Advertisement -

Ranchi News: रिम्स जमीन घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जांच अब अफसरों और बिल्डरों के बैंक खातों और संपत्ति तक पहुंच गई है, जबकि इस मामले में गिरफ्तार सातों अधिकारियों को जेल भेजा जा चुका है। जांच एजेंसी बैंकिंग लेन-देन और संपत्ति के दस्तावेज खंगाल रही है।

यह मामला राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के लिए अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है, जिसमें मोरहाबादी में करीब आठ एकड़ और कोकर में 1.65 एकड़ जमीन शामिल है। आरोप है कि जाली दस्तावेजों के जरिए अधिग्रहित सरकारी जमीन को निजी संपत्ति के रूप में दिखाया गया और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर की गई। झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर इस मामले में 5 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

एसीबी ने 17 नवंबर की रात आईएएस अधिकारी मनोज कुमार रंजन समेत सात अधिकारियों को गिरफ्तार किया था। इनमें तत्कालीन भूमि सुधार उप समाहर्ता, तीन जिला अवर निबंधक और दो अंचल अधिकारी शामिल हैं। इसके बाद 19 नवंबर को बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया, जो पहले बड़गाई के अंचल अधिकारी रह चुके थे। 20 नवंबर को एसीबी ने सातों अधिकारियों के घरों और ठिकानों पर एक साथ छापे मारे थे।

बैंक खातों और संपत्ति की जांच

छापों के दौरान एसीबी की टीमों ने जमीन से जुड़े दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की जांच की। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए एजेंसी अफसरों और बिल्डरों के बैंकिंग लेन-देन और संपत्ति की पड़ताल कर रही है। जांच में राजस्व और निबंधन विभाग से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि विवादित जमीन के एक हिस्से पर निर्माण भी कराया गया था, जिसे बाद में न्यायिक प्रक्रिया के बाद हटाया गया। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों और गिरफ्तार अधिकारियों से पूछताछ में जमीन के लेन-देन और रिकॉर्ड में बदलाव से जुड़े और तथ्य सामने आ सकते हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News