New Delhi News: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी के बीच गरज-चमक के साथ आंधी-बारिश की संभावना बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों में तेज बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, कानपुर, बरेली, मुरादाबाद और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं हरियाणा के विभिन्न इलाकों में भी मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
बिहार के गया, रोहतास, मुंगेर, भागलपुर, दरभंगा, पूर्णिया और नालंदा सहित कई जिलों में मेघगर्जन के साथ तेज वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गंगेटिक पश्चिम बंगाल में अत्यंत भारी बारिश की संभावना है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा और पूर्वोत्तर में मूसलाधार बारिश
हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 17 और 18 अगस्त को भारी बारिश के चलते भूस्खलन का जोखिम बढ़ गया है। उधर सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में पूरे हफ्ते व्यापक स्तर पर मूसलाधार बारिश जारी रहने की संभावना है, जिसको लेकर स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।