Panipat News: हरियाणा के पानीपत शहर स्थित जीटी रोड पर बने पार्क अस्पताल में इलाज में गंभीर लापरवाही और धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सड़क हादसे में घायल हुई एक महिला की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि महिला के पैर की हड्डी टूटी थी, लेकिन डॉक्टरों ने बिना उनकी अनुमति के दिल में स्टेंट (छल्ला) डाल दिया। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सड़क हादसे में घायल महिला को कराया गया था भर्ती
जानकारी के मुताबिक कुलदीप नाम के शख्स ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जुलाई को उनकी मां गुड्डी देवी सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थीं। हादसे में उनके पैर की हड्डी टूट गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों को उम्मीद थी कि पैर का उचित इलाज होने के बाद उनकी मां स्वस्थ होकर घर लौट आएंगी। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों की संदिग्ध कार्यप्रणाली के कारण परिवार को महिला की अचानक हुई मौत की दुखद खबर ही मिल सकी।
फर्जी हस्ताक्षर कर स्टेंट डालने और धमकी का आरोप
मृतका के बेटे का गंभीर आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने परिजनों से अनुमति लिए बिना और उनके फर्जी हस्ताक्षर करके महिला के दिल में छल्ला डाल दिया। इस प्रक्रिया के तुरंत बाद ही इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया, जिससे परिजनों का गुस्सा भड़क गया।
परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही, धोखाधड़ी तथा शिकायत करने पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना सेक्टर-29 में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले में अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।