Panipat News: हरियाणा के पानीपत जिले के गांव सैदापुर निवासी 25 वर्षीय गुलखान की अचानक मौत हो गई। वह अहर गांव में अपनी बहन के घर भांजे के जन्म का जश्न मनाने गए थे। खुशियों के माहौल के बीच अचानक हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार, समारोह में ढोल-नगाड़ों की धुन पर गुलखान अपने रिश्तेदारों के साथ खुशी-खुशी डांस कर रहे थे। नाचते समय अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन तुरंत उन्हें संभालने के लिए आगे आए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मातम में बदली परिवार की खुशियां
मृतक के पिता नानू ने रोते हुए बताया कि भांजे के जन्म की खबर से गुलखान बेहद खुश थे। वह खास तौर पर बहन के घर अहर गांव जश्न में शामिल होने गए थे। किसी ने नहीं सोचा था कि भांजे के जन्म की यह खुशी परिवार के लिए इतना बड़ा सदमा बन जाएगी।
जिस घर में कुछ पल पहले तक हंसी-खुशी और ढोल की गूंज थी, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। इस अचानक हुई दुखद घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस क्षति से उबर नहीं पा रहे हैं।
गांव में शोक की लहर फैली
घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों का कहना है कि गुलखान को पहले से किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। वह पूरी तरह स्वस्थ थे, लेकिन अचानक सीने में दर्द उठने से उनकी जान चली गई।
अचानक हुई इस अनहोनी से पूरा सैदापुर और अहर गांव स्तब्ध है। डॉक्टरों का मानना है कि डांस के दौरान अचानक पड़ा कार्डियक अरेस्ट इस मौत की वजह हो सकता है। फिलहाल बिना किसी कानूनी कार्रवाई के परिजन शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे हैं।