Chandigarh News: हरियाणा सरकार ने राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश सरकार ने ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का दायरा बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
अब राज्य की 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। इस फैसले से प्रदेश की लाखों अन्य पात्र महिलाओं को आर्थिक मदद मिल सकेगी।
2,100 रुपये प्रति माह सहायता, पहले 1 लाख रुपये थी आय सीमा
इससे पहले इस योजना का लाभ केवल उन महिलाओं को मिलता था, जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 1 लाख रुपये से कम थी। अब सरकार ने नियमों में संशोधन करते हुए आय सीमा को बढ़ा दिया है।
इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। सरकार ने पिछले वर्ष पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर ऐप भी लॉन्च किया था।
सीएम सैनी ने जारी की 10वीं किस्त, खातों में भेजे 209 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की दसवीं किस्त जारी की। इस किस्त के तहत 9 लाख 98 हजार लाभार्थी महिलाओं के खातों में 209.62 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि सरकार अब तक 10 किस्तों में कुल 2,042 करोड़ 31 लाख रुपये की राशि लाभार्थियों को दे चुकी है। इस योजना से राज्य की महिलाएं काफी राहत महसूस कर रही हैं।