Chandigarh News: हरियाणा में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के कैडर में 9 नए पद बढ़ाए गए हैं। केंद्र सरकार ने राज्य सरकार से परामर्श के बाद स्वीकृत कैडर संख्या 144 से बढ़ाकर 153 कर दी है।
नई अधिसूचना में पंचकूला, सोनीपत और झज्जर में चल रही पुलिस आयुक्त व्यवस्था के पदों को औपचारिक रूप से आईपीएस कैडर में जोड़ा गया है। इससे पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।
सीधी भर्ती के लिए 107 और पदोन्नति के लिए 46 पद निर्धारित
नई व्यवस्था के तहत सीधी भर्ती से आने वाले आईपीएस अधिकारियों के लिए 107 पद तय किए गए हैं। पहले इनकी संख्या 98 थी। वहीं राज्य पुलिस सेवा से पदोन्नति के लिए 46 पद रखे गए हैं।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए 33 और राज्य प्रतिनियुक्ति के लिए 21 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा प्रशिक्षण रिजर्व में दो तथा छुट्टी और कनिष्ठ पदों के लिए 13 पद आरक्षित रखे गए हैं।
जिलों में एसपी और डीसीपी के पदों की नई व्यवस्था तय
गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, सोनीपत और मानेसर में डीसीपी स्तर के पदों को स्वीकृत कैडर में शामिल किया गया है। पंचकूला, सोनीपत और झज्जर के सीपी पदों को भी कैडर में औपचारिक मान्यता दी गई है।
राज्य सरकार के अधीन आईपीएस अधिकारियों के लिए 84 वरिष्ठ ड्यूटी पद तय किए गए हैं। इनमें पुलिस महानिदेशक, जेल महानिदेशक और सीआईडी समेत एडीजी स्तर के कई प्रमुख पद शामिल किए गए हैं।
आईजी और डीआईजी स्तर पर भी जुड़े कई महत्वपूर्ण पद
आईजी स्तर पर रेवाड़ी, करनाल, हिसार, रोहतक और अंबाला रेंज के पदों को कैडर में शामिल किया गया है। इसके अलावा रेलवे, सुरक्षा, कानून व्यवस्था और राज्य सतर्कता ब्यूरो से जुड़े पद भी शामिल हैं।
डीआईजी स्तर पर सीआईडी, होमगार्ड, विशेष कार्य बल, यातायात और भोंडसी प्रशिक्षण केंद्र के पदों को कैडर में जगह मिली है। नशा नियंत्रण ब्यूरो और महिला अपराध से जुड़े पद भी इसका हिस्सा हैं।