Charkhi Dadri News: हरियाणा के चरखी दादरी में थाने के ठीक बाहर हुई भीषण गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया है। सुरक्षा में हुई गंभीर चूक को देखते हुए 6 पुलिसकर्मियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। इस वारदात में घायल हुए 7 युवकों के शरीर से डॉक्टरों ने 20 से अधिक गोलियां निकाली हैं।
घटना के तुरंत बाद हरकत में आई सीआईए पुलिस टीम ने बौंद-कलानौर लिंक रोड पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध मारुति फ्रॉन्क्स गाड़ी में सवार मुख्य साजिशकर्ता रोहित उर्फ कातिया ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वह झज्जर जिले के माजरा गांव का रहने वाला है।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी रोहित के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में दबोच लिया और उसके पास से अवैध पिस्तौल बरामद की। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
वारदात की साजिश में शामिल दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए साजिश में शामिल दो अन्य मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहुवास निवासी प्रीत और सांगा निवासी युदबिन्दर के रूप में हुई है। पुलिस टीम अब इन आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि पूरे मामले का पर्दाफाश हो सके।
थाना बौंद कलां में सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।
