Gurugram News: गुरुग्राम के एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) द्वारा रियल एस्टेट कारोबारी और उसके साथियों पर लगाए गए संगठित देह व्यापार के आरोपों की जांच अब विशेष जांच दल (एसआइटी) को सौंप दी गई है। पहले इस मामले की जांच एसीपी बादशाहपुर कर रहे थे, लेकिन शनिवार को आगे की कार्रवाई के लिए इसे धोखाधड़ी के मामलों में गठित एसआइटी को हस्तांतरित कर दिया गया।
गुरुग्राम के एनजीओ ‘वंशनी फाउंडेशन’ ने कुछ दिन पहले डीसीपी साउथ को इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित रियल एस्टेट ग्रुप की सोहना, भोंडसी और गुरुग्राम में टाउनशिप हैं और इन्हीं प्रॉपर्टीज के माध्यम से संगठित देह व्यापार का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। शिकायत में कुछ सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत होने का भी आरोप लगाया गया है।
टाउनशिप और होटलों में विदेशी महिलाओं को लाने का आरोप
एनजीओ ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि यह कथित नेटवर्क गुरुग्राम के साथ-साथ अन्य स्थानों पर भी फैला हुआ है। आरोप है कि आरोपित ग्रुप की टाउनशिप, होटलों और उससे जुड़ी अन्य संपत्तियों में दूसरे देशों से भी महिलाओं को लाया जा रहा है।
शिकायतकर्ता संगठन का यह भी कहना है कि आरोपितों के खिलाफ पहले भी भोंडसी और सोहना थाने में धोखाधड़ी से जुड़े मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनकी जांच एसआइटी द्वारा की जा रही है।
एसीपी बादशाहपुर ने जारी किए थे नोटिस, सुबूत सौंपने का दावा
शिकायत प्राप्त होने के बाद शुरुआती स्तर पर इसकी जांच एसीपी बादशाहपुर कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आरोपित पक्ष और शिकायतकर्ता एनजीओ दोनों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने और आरोपों के समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा था। एनजीओ का दावा है कि उसने सभी संबंधित सुबूत पुलिस को सौंप दिए हैं।
इस मामले पर एसीपी बादशाहपुर कुलदीप कुमार ने पुष्टि की है कि प्रकरण की आगे की जांच एसआइटी को सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि एसआइटी पहले से ही आरोपितों से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों की जांच कर रही है और अब इस शिकायत की जांच भी वही करेगी।