Delhi News: दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने बसों में महिलाओं की मुफ्त यात्रा के लिए पिंक सहेली कार्ड अनिवार्य करने की समय-सीमा आगे बढ़ा दी है। अब 15 अगस्त तक महिलाएं बिना पिंक सहेली कार्ड के भी पिंक टिकट लेकर डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी।
16 अगस्त से लागू होगी नई व्यवस्था
डीटीसी के आदेश के मुताबिक 16 अगस्त से केवल उन्हीं महिलाओं को मुफ्त यात्रा का पिंक टिकट मिलेगा, जिनके पास मान्य पिंक सहेली कार्ड होगा। जिन यात्रियों के पास यह कार्ड नहीं होगा, उन्हें बस का सामान्य किराया देकर टिकट खरीदना पड़ेगा। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अब तक 17.20 लाख से अधिक कार्ड जारी हो चुके हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए बढ़ाई गई तारीख
परिवहन मंत्री के अनुसार स्मार्ट कार्ड आधारित प्रणाली को सुचारू रूप से लागू करने और महिलाओं की सुविधा के लिए यह फैसला लिया गया है। सरकार का मकसद है कि सभी पात्र महिला यात्रियों को नया कार्ड बनवाने के लिए पर्याप्त समय मिले। उन्होंने अधिकारियों को डिपो और बसों में घोषणाओं के जरिए जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
कागज आधारित गुलाबी टिकट व्यवस्था होगी बंद
अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा कागज आधारित गुलाबी टिकट व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से खत्म किया जा रहा है। इसकी जगह पूरी तरह से स्मार्ट कार्ड आधारित एनसीएमसी प्रणाली लागू होगी। डीटीसी ने महिला यात्रियों से अपील की है कि वे 16 अगस्त से पहले अपना पिंक सहेली कार्ड बनवा लें ताकि मुफ्त बस सेवा का लाभ जारी रहे।