दिल्ली: उत्तम नगर में प्रदूषण के बीच अघोषित बिजली कटौती, घरों में घुटन और अंधेरे से लोग परेशान

Share

- Advertisement -

Delhi News: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के संकट के बीच उत्तम नगर के कई इलाकों में अघोषित बिजली कटौती ने स्थानीय निवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सर्दियों की शुरुआत और दीवाली के त्योहारी सीजन में रोजाना दो से तीन घंटे बिजली गुल रहने से लोग दोहरी मार झेलने को मजबूर हैं। घरों के खिड़की-दरवाजे बंद रखने पर अंधेरा और उमस परेशान करती है, वहीं दरवाजे खोलने पर जहरीली हवा भीतर दाखिल हो रही है।

पश्चिमी और पूर्वी उत्तम नगर क्षेत्र के निवासियों को इस समय भीषण संकट का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही बिजली कटौती का कोई निश्चित समय नहीं है। धनतेरस के दिन दाल मिल रोड इलाके में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं जैन कॉलोनी पार्ट-1, संडे बाजार, सोम बाजार, बुध बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भी गुरुवार को 40 मिनट और छोटी दीवाली के दिन लगभग डेढ़ घंटे तक बिजली गुल रही।

बंद दरवाजों में अंधेरा, खोलने पर जहरीली हवा का खतरा

प्रदूषण के गंभीर स्तर को देखते हुए डॉक्टरों और विशेषज्ञों द्वारा घरों को बंद रखने की सलाह दी जा रही है। हालांकि, बिजली जाने पर अंधेरे और घुटन की वजह से लोगों को मजबूरी में दरवाजे और खिड़कियां खोलनी पड़ रही हैं। इससे बाहर की प्रदूषित हवा सीधे बेडरूम और किचन तक पहुंच रही है, जिससे सांस के मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

त्योहार पर सोने-चांदी की जगह इन्वर्टर खरीदने को मजबूर लोग

बिजली कटौती के कारण त्योहारी सीजन में लोगों की खरीदारी की प्राथमिकताएं भी बदल गई हैं। धनतेरस के मौके पर जहां लोग बर्तन और सोने-चांदी की खरीदारी करते हैं, वहीं कई परिवारों को अपने बजट से इन्वर्टर और पावर बैकअप सिस्टम खरीदना पड़ा।

जैन कॉलोनी पार्ट-1 के निवासी संतोष ठाकुर ने बताया कि त्योहारों पर अन्य सामान की खरीदारी से पहले अब इन्वर्टर खरीदना मजबूरी बन गया है। वहीं संडे मार्केट निवासी सुलेखा देवी का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से दैनिक घरेलू काम, बच्चों की पढ़ाई और दफ्तर जाने वालों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है। दूसरी तरफ, बिजली विभाग के अनुसार त्योहारों के दौरान मेंटेनेंस कार्य टालने और निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि जनता को असुविधा न हो।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News