Delhi Police Radar: जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के विरोध प्रदर्शन के दौरान सामने आए विवादित वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस के निशाने पर तीन बड़ी डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया एजेंसियां आ गई हैं। इसके अलावा 100 से अधिक यूट्यूबर्स की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इस वीडियो को किसी खास पीआर रणनीति या टूलकिट के तहत जानबूझकर प्रचारित किया गया था। पुलिस कंपनियों के सर्वर लॉग्स और आंतरिक दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। माना जा रहा है कि संबंधित कंपनियों के अधिकारियों और कई यूट्यूबर्स को जल्द ही समन जारी किया जाएगा।
मुंबई की मार्केटिंग एजेंसी से भी जुड़े तार
शुरुआती तकनीकी जांच में पुलिस को संदेह है कि वीडियो को सोची-समझी रणनीति के तहत सही समय पर अपलोड कर एल्गोरिदम के जरिए वायरल किया गया था। इस केस के तार अब मुंबई से भी जुड़ते दिख रहे हैं। मुंबई की एक इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग एजेंसी और उससे जुड़े क्रिएटर्स नेटवर्क पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
आशंका जताई जा रही है कि जंतर-मंतर पर माहौल खराब करने और भीड़ जुटाने के लिए इन्फ्लुएंसर्स को विशेष रूप से सक्रिय किया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शीर्ष पदों पर बैठे व्यक्तियों और देश की शांति के खिलाफ प्रोपेगैंडा चलाने वाले किसी भी डिजिटल सिंडिकेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आंदोलन में फंडिंग की भी हो रही जांच
दिल्ली पुलिस इस पूरे घटनाक्रम में हुए वित्तीय लेन-देन की भी कड़ियां जोड़ रही है। विरोध प्रदर्शन को सोशल मीडिया पर अचानक इतनी बड़ी हाइप देने और निजी एजेंसियों को हायर करने के लिए फंडिंग कहां से मिली, इसकी वित्तीय जांच जारी है। संदिग्ध बैंक खातों और लेन-देन की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
दूसरी तरफ, आईआईटी पटना की छात्रा तोशिवा यादव ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर विरोध प्रदर्शनों में भीड़ नियंत्रण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाने की मांग की है। 20 जुलाई को ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान घायल हुई छात्रा ने याचिका में प्रदर्शनों में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए नाम का बैज लगाना अनिवार्य करने का अनुरोध किया है।