Delhi News: फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान AI379 में मंगलवार को अफरा-तफरी मच गई, जब विमान अचानक हवा में करीब 300 फीट नीचे आ गया। इस अप्रत्याशित झटके से विमान में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया।
विमान में 137 यात्री और केबिन क्रू के आठ सदस्य सवार थे। यात्रा के दौरान विमान गंभीर वायुगति अशांति (टर्बुलेंस) की चपेट में आ गया। इस घटना में केबिन क्रू के चार सदस्यों सहित कुल 17 लोग घायल हो गए।
दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई सुरक्षित लैंडिंग
एयर इंडिया ने पुष्टि की कि यह घटना विमान के क्रूज़ चरण के दौरान हुई। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरने के बाद घायल यात्रियों को तुरंत स्ट्रेचर से एम्बुलेंस के जरिए उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
यह घटना यात्रियों के लिए बेहद डरावना अनुभव रही। अचानक आए झटके से कई यात्री अपनी सीटों से उछल गए। इटली की यात्री विवियाना ने बताया कि टर्बुलेंस के दौरान उनकी मां के सिर में चोट लगी और कई अन्य यात्री घायल हुए।
एयरलाइन ने जारी किया आधिकारिक बयान
एयर इंडिया ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि किसी यात्री या चालक दल के सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई है। मामूली रूप से घायल यात्रियों और क्रू सदस्यों को हवाई अड्डे की मेडिकल सुविधा में उपचार दिया गया।
4 अगस्त को शाम तक पांच यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि उनकी टीमें अस्पताल में मौजूद हैं और प्रभावित यात्रियों तथा उनके परिजनों को पूरी सहायता दी जा रही है।