Noida News: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप में महिला पर दर्ज हुई एफआईआर पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गाली देना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि क्या देश में आम जनता और बीजेपी नेताओं के लिए अलग-अलग कानून हैं?
बीजेपी नेताओं और आईटी सेल पर कार्रवाई की मांग की
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि अगर गाली देने पर केस दर्ज हो रहा है तो बीजेपी आईटी सेल के सदस्यों पर भी मामले दर्ज होने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी से जुड़े कई यूजर्स लगातार महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी और अन्य नेताओं की पुरानी टिप्पणियों का भी जिक्र किया।
गाली देना बुरी बात है लेकिन अपराध नहीं
सीजेपी नेता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक पुराने कथित वीडियो का हवाला देते हुए कानून के दोहरे रवैये पर सवाल उठाया। दीपके ने कहा कि गाली देना बुरी बात जरूर है, लेकिन यह कोई आपराधिक अपराध नहीं है। ऐसे मामलों में व्यक्ति को समझाने के बजाय सीधे पुलिस केस दर्ज करना बिल्कुल गलत है।
नोएडा में रुचिका सिंह पर दर्ज हुई थी जीरो एफआईआर
यह पूरा विवाद नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में रुचिका सिंह नामक महिला पर दर्ज हुई जीरो एफआईआर के बाद शुरू हुआ है। महिला पर आरोप है कि उसने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।