Patna / Samastipur News: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी से पहले उनके दो समर्थक स्केटिंग करते हुए उनसे मिलने मोकामा के लिए रवाना हुए हैं। समस्तीपुर में एनएच-28 पर देखे गए ये दोनों युवक वैशाली और जहानाबाद के निवासी हैं। अनंत सिंह की बेटी की शादी 25 नवंबर को पटना के लदमा गांव में होगी।
मोकामा के विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा में है। इस बीच, अनंत सिंह से मुलाकात करने और उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए दो युवक स्केटिंग करते हुए मोकामा की यात्रा पर निकले हैं। यह नजारा समस्तीपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-28 पर देखने को मिला, जहां दोनों युवक सड़क पर स्केटिंग करते हुए आगे बढ़ते नजर आए।
अनोखे अंदाज में मुलाकात करने निकले समर्थक
स्केटिंग के जरिए मोकामा जा रहे इन दोनों युवकों की पहचान वैशाली जिले के पातेपुर निवासी नंदन कुमार और जहानाबाद निवासी अमित सोनी के रूप में हुई है। दोनों युवकों ने बताया कि वे अनंत सिंह के बोलने के अंदाज और उनकी कार्यशैली से काफी प्रभावित हैं।
युवकों का कहना है कि उन्हें यह निश्चित नहीं पता कि अनंत सिंह से उनकी मुलाकात हो पाएगी या नहीं, लेकिन वे अपने अनोखे अंदाज में उनके प्रति अपना लगाव प्रकट करना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से वे स्केटिंग करते हुए मोकामा स्थित उनके आवास तक जा रहे हैं। दोनों ने बताया कि वे इससे पहले भी स्केटिंग के माध्यम से चारधाम और वैष्णो देवी सहित कई धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं।
25 नवंबर को बाढ़ के लदमा गांव में होगी बेटी की शादी
इससे पहले बीते दिन भी एक युवक 120 किलोमीटर दौड़कर मोकामा पहुंचा था और उसने अनंत सिंह को अपने खून से बनी तस्वीर भेंट की थी।
पारिवारिक कार्यक्रमों के अनुसार, विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह का विवाह बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार के साथ तय हुआ है। शादी समारोह 25 नवंबर 2026 (बुधवार) को अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा (नदवां), बाढ़ (पटना) में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 20 नवंबर को तिलक समारोह संपन्न हो चुका है, जबकि 23 नवंबर को हल्दी और 24 नवंबर को मेहंदी व संगीत का कार्यक्रम होगा। 24 नवंबर को ही अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार भी संपन्न होगा।