दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर रखने का ऐलान, मार्च 2027 तक बनेगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा

Share

- Advertisement -

Darbhanga News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर रखने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार एक महीने के भीतर कैबिनेट से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजेगी। इसके साथ ही मार्च 2027 तक दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने और नया टर्मिनल भवन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

    बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को दरभंगा दौरे के दौरान मिथिलांचल के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट का नामकरण महाकवि विद्यापति के नाम पर किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार एक महीने के अंदर कैबिनेट से प्रस्ताव पास कर स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजेगी।

    मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दरभंगा एयरपोर्ट को मार्च 2027 तक अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर करीब 4 किलोमीटर लंबा रनवे बनाया जाएगा, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके अलावा नए टर्मिनल भवन का निर्माण कार्य भी मार्च 2027 से पहले पूरा करने का लक्ष्य है, जिससे यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा।

    विद्यापति पर्व समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर दरभंगा पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले प्रसिद्ध श्यामा माई मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय 54वें विद्यापति पर्व समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।

    समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद गोपाल जी ठाकुर, मंत्री मदन सहनी और विधायक मुरारी मोहन झा ने पाग, चादर और मखाना की माला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मंच से उपस्थित नेताओं ने मिथिला क्षेत्र और मैथिली भाषा के सर्वांगीण विकास पर अपने विचार व्यक्त किए।

    346 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की दी सौगात

    इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने दरभंगा जिले को कुल 346 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। इसमें करीब 330 करोड़ रुपये की लागत वाली 130 योजनाओं का उद्घाटन और लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत वाली दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

    दरभंगा एम्स (AIIMS) के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इसके लिए टेंडर और मिट्टी भराई का कार्य शुरू हो चुका है और इसे जल्द पूरा किया जाएगा। साथ ही उन्होंने मिथिला क्षेत्र को बाढ़ से राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी गई 11 हजार करोड़ रुपये की सहायता और कोसी-मिथिला को जोड़ने वाली परियोजना का भी उल्लेख किया।

    मैथिली भाषा और मिथिला की विरासत पर जोर

    अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मैथिली हजारों वर्ष पुरानी भाषा है और माता सीता के समय से ही इसकी समृद्ध परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक भाषा नहीं, बल्कि मिथिला की संस्कृति और पहचान का प्रतीक है।

    मुख्यमंत्री ने बताया कि महाकवि विद्यापति पर्व को राजकीय सम्मान के साथ मनाया जाता है और अब मिथिला की महान विभूतियों की प्रतिमाएं प्रमुख स्थानों पर स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प में बिहार और मिथिला की अहम भूमिका रहेगी।

    Read more

    Related News