बिहार के पूर्वी चंपारण जहरीली शराब कांड में 22 मौतों के मामले में 4 आरोपित दोषी करार, 26 नवंबर को सजा

Share

- Advertisement -

East Champaran News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले की विशेष उत्पाद न्यायालय संख्या-1 ने अप्रैल 2023 के जहरीली शराब कांड में चार आरोपितों को दोषी करार दिया है। इस घटना में 22 लोगों की मौत हुई थी। अदालत ने अजय कुमार यादव, ललन यादव, राजेश सहनी और नवल किशोर यादव को दोषी माना है। चारों की सजा पर 26 नवंबर 2026 को सुनवाई होगी।

मोतिहारी स्थित विशेष उत्पाद न्यायालय संख्या-1 ने पूर्वी चंपारण के चर्चित जहरीली शराब कांड में अपना फैसला सुनाते हुए चार आरोपितों को दोषी ठहराया है। अदालत ने जिन लोगों को दोषी करार दिया है, उनमें अजय कुमार यादव, ललन यादव, राजेश सहनी और नवल किशोर यादव शामिल हैं। अब सभी की नजरें 26 नवंबर 2026 को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जिसमें अदालत चारों दोषियों की सजा तय करेगी।

अप्रैल 2023 में 22 लोगों की हुई थी मौत

यह मामला अप्रैल 2023 का है। उस समय पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि, तुरकौलिया, पहाड़पुर और सुगौली थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान कुल 22 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने संबंधित थानों में अलग-अलग मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।

20 दिनों तक इलाके में रहकर पुलिस ने जुटाए सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित और गहन जांच शुरू की थी। पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम ने करीब 15 से 20 दिनों तक प्रभावित क्षेत्रों में रहकर छानबीन की। इस दौरान आरोपितों की पहचान और भूमिका साबित करने के लिए तकनीकी साक्ष्य, पैसों के लेन-देन का विवरण और अन्य अहम सबूत जुटाए गए।

इस मामले की जांच तत्कालीन पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश ने की थी। वहीं, अदालत में सरकार की ओर से विशेष लोक अभियोजक अनिल सिंह ने पैरवी की। पुलिस और अभियोजन पक्ष ने मामले से जुड़े सभी दस्तावेज और सबूत अदालत के सामने पेश किए।

पुलिस मुख्यालय ने बताया जांच की सफलता

चारों आरोपितों को दोषी करार दिए जाने के बाद पुलिस मुख्यालय ने इस फैसले को पुलिस जांच और अभियोजन की बड़ी सफलता बताया है। पुलिस के अनुसार, टीम द्वारा समय पर जुटाए गए पुख्ता सबूतों और अदालत में उनकी सही तरीके से पेशी के कारण ही आरोपितों को दोषी ठहराया जा सका है। अब 26 नवंबर की सुनवाई में दोषियों को मिलने वाली सजा का इंतजार है।

Read more

Related News