Sitamarhi News: माता जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम में भव्य मंदिर निर्माण के लिए प्रतिमाओं को अस्थायी ‘श्री सीताराम मंडपम’ में स्थापित किया गया है। इस मंगल प्रवेश कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह शामिल हुए।
पुराने गर्भगृह में विशेष पूजा और वैदिक अनुष्ठानों के बाद अभिजित मुहूर्त में देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को शोभायात्रा के साथ नए स्थान पर लाया गया। मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमाओं को विधिवत विराजमान कराया गया, ताकि मंदिर निर्माण के दौरान श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकें।
31 दिसंबर 2028 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि भव्य मंदिर का निर्माण 31 दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद मां जानकी को पुनः मूल स्थान पर स्थापित किया जाएगा। पिछले साल 8 अगस्त 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसका शिलान्यास किया था।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने इस अवसर को बेहद शुभ बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस धाम के विकास के लिए बड़ा भूखंड उपलब्ध कराया था। पुनौरा धाम को अयोध्या की तर्ज पर विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगी गति
सरकार को उम्मीद है कि इस धाम के विकास से सीतामढ़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। यहां धार्मिक सुविधाओं के साथ आधारभूत ढांचे का विकास किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह अस्थायी व्यवस्था निर्माण कार्य चलने तक जारी रहेगी। अब सभी की निगाहें तय समयसीमा पर टिकी हैं, जब भव्य मंदिर बनकर तैयार होगा। यह धाम आने वाले वर्षों में बिहार का सबसे प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बनकर उभरेगा।