सोनपुर मेले में पहली बार आया 360 डिग्री डोम थिएटर, 15 मिनट के 3डी शो में मिलेगा वीआर का रोमांच

Share

- Advertisement -

Sonepur News: सोनपुर मेले में पहली बार 360 डिग्री डोम थिएटर आया है, जहां दर्शक वर्चुअल रियलिटी तकनीक से 3डी दुनिया का रोमांच महसूस कर सकेंगे। गाय बाजार में स्थापित इस थिएटर में 15 मिनट का शो होगा, जिसमें पांच-पांच मिनट की तीन फिल्में दिखाई जाएंगी। टिकट की कीमत 100 रुपये रखी गई है।

यह डोम थिएटर गाय बाजार में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के बगल में लगाया गया है। हाई क्वालिटी प्रोजेक्टर से सुसज्जित इस थिएटर में दर्शकों को चारों ओर फैले दृश्य दिखाई देंगे, जिससे उन्हें एक अलग ही दुनिया में होने का एहसास होगा। सामान्य पर्दे पर फिल्म देखने के बजाय यहां दृश्य दर्शकों के चारों ओर घटित होते नजर आएंगे।

आधुनिक तकनीक से तैयार यह शो बच्चों, युवाओं और परिवार के सभी सदस्यों के लिए मनोरंजन का नया विकल्प बन सकता है। विश्वविख्यात हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेले में मनोरंजन के साथ आधुनिक तकनीक का यह अनूठा संगम दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है।

टिकट के दाम और शो का प्रारूप

शो के प्रोपराइटर बिहारशरीफ निवासी समीर कुमार ने बताया कि यह अपने तरह का बेहद खास तकनीकी मनोरंजन शो है। 15 मिनट के शो में पांच-पांच मिनट की तीन फिल्में दिखाई जाएंगी, जिनमें हॉरर, एनीमे और अंडर वाटर सी लाइफ शामिल हैं। टिकट की कीमत 100 रुपये रखी गई है। इस डोम में 100 से 150 लोग एक साथ शो देख सकेंगे। दर्शक अपनी इच्छा से बैठकर या खड़े होकर शो का आनंद ले सकते हैं।

पूरे भारत में दूसरा सबसे बड़ा रियलिटी शो होने का दावा

समीर कुमार के अनुसार, यह अपनी श्रेणी में पूरे भारत का दूसरा सबसे बड़ा रियलिटी शो है और भारत का यह दूसरा डोम है। सोनपुर मेले में इसे लाने का उद्देश्य लोगों को आधुनिक तकनीक से रूबरू कराने के साथ मनोरंजन का नया अनुभव देना है।

पारंपरिक मनोरंजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रदर्शनियों के लिए प्रसिद्ध सोनपुर मेले में 360 डिग्री डोम थिएटर का जुड़ना आधुनिक तकनीक के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ाएगा। उम्मीद है कि यह शो मेले में आने वाले दर्शकों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News