Mumbai News: भारतीय क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटaका लगा है। टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच से बाहर हो गए हैं। उंगली में चोट के कारण वह मैच के पहले दिन मैदान में नहीं उतरे। उनकी अनुपस्थिति में केएल राहुल टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं।
बीसीसीआई ने आधिकारिक जानकारी दी है कि शुभमन गिल को अभ्यास के दौरान उंगली में चोट लगी थी। बोर्ड की मेडिकल टीम इस समय कप्तान की चोट पर लगातार नजर बनाए हुए है। बीसीसीआई के अनुसार, गिल को पहले दिन मैदान पर न उतारने का फैसला केवल एहतियात के तौर पर लिया गया है।
प्रैक्टिस सेशन के दौरान गिल को उंगली में कई बार चोट लगी थी। शुरुआत में डॉक्टरों ने चोट को गंभीर नहीं माना था, लेकिन शुक्रवार सुबह बोर्ड ने सावधानी बरतते हुए उन्हें बाहर रखने का फैसला किया। गिल की गैरमौजूदगी ने भारतीय टीम मैनेजमेंट और फैंस की चिंता बढ़ा दी है।
हालांकि भारत को पहला टेस्ट मुकाबला 15 अगस्त से खेलना है। इस महत्वपूर्ण मैच की शुरुआत में अभी काफी समय बचा हुआ है। बोर्ड को उम्मीद है कि पर्याप्त समय मिलने के कारण कप्तान शुभमन गिल पहले टेस्ट मैच से पहले पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापस लौट आएंगे।