सरफराज खान की भारतीय टीम में वापसी पर बोले रविचंद्रन अश्विन, टीम प्रबंधन से रखी भविष्य को लेकर स्पष्टता की मांग

Share

- Advertisement -

Galle News: 2024-25 बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के बाद टीम से बाहर हुए सरफराज खान की 21 महीने बाद भारतीय टेस्ट टीम में वापसी हुई है। चोटिल साई सुदर्शन की जगह टीम में शामिल किए गए सरफराज के भविष्य को लेकर पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टीम प्रबंधन से खिलाड़ी को स्पष्ट संदेश देने की मांग की है।

भारतीय टीम 15 अगस्त से गॉल में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला खेलेगी। प्लेइंग इलेवन में सरफराज खान या ध्रुव जुरेल को शामिल करने पर क्रिकेट दिग्गजों के बीच बहस छिड़ी हुई है। अश्विन का मानना है कि टीम प्रबंधन को सरफराज के साथ खुलकर बात करनी चाहिए।

अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए अश्विन ने कहा, ”हां, सरफराज खान की वापसी हुई है, लेकिन वह साई सुदर्शन की इंजरी के बाद बतौर रिप्लेसमेंट आए हैं। उनके लिए टीम की तरफ से संदेश मिलना बहुत जरूरी है। अगर आपको लगता है कि वह कुछ परिस्थितियों के लिए खरे नहीं उतरते हैं तो इसके लिए उन्हें स्पष्ट करना होगा।”

अश्विन ने आगे कहा, ”उन्हें यह बताना होगा कि वह भारत के लिए सिर्फ उपमहाद्वीप में ही खेल सकते हैं या नहीं। ऐसा होने पर उनका समय नहीं खराब होगा और वह अपने करियर को और आगे ले जाने के लिए अच्छे से स्पिन खेलने पर ध्यान देंगे। उनसे यह बात की जानी चाहिए।”

दिग्गज स्पिनर ने वैश्विक उदाहरण देते हुए कहा, ”आप न्यूजीलैंड के एजाज पटेल को देखिए वह सिर्फ उपमहाद्वीप में खेलते हैं, ऐसे ही साउथ अफ्रीका के साइमन हार्मर हैं, उनको स्पष्टता दी जा चुकी है। ऐसे कई उदाहरण मौजूद हैं।” अश्विन के अनुसार ऐसी नीति से खिलाड़ी का समय व्यर्थ नहीं होता और वह केंद्रित रहता है।

सरफराज खान ने भारत के लिए अब तक 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 37.1 की औसत से 371 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं, जहां 150 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। नवंबर 2024 के बाद वापसी करने वाले सरफराज को श्रीलंका दौरे में गॉल टेस्ट से शुरुआत करनी है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News