रणजी ट्रॉफी: धर्मशाला में राजस्थान ने हिमाचल प्रदेश के सामने रखा 447 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य

Share

- Advertisement -

Dharamshala News: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी एलीट मुकाबले में राजस्थान ने हिमाचल प्रदेश के सामने जीत के लिए 447 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक हिमाचल ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट गंवाकर 83 रन बना लिए हैं। मेहमान टीम की मजबूत दूसरी पारी के बाद अब मेजबान हिमाचल पर हार का खतरा मंडरा रहा है।

राजस्थान की शानदार दूसरी पारी, रोहन राजभर का शतक

मैच के तीसरे दिन राजस्थान ने अपनी दूसरी पारी आठ विकेट के नुकसान पर 521 रन बनाकर घोषित की। दूसरी पारी में राजस्थान के बल्लेबाजों ने शानदार वापसी करते हुए हिमाचल के गेंदबाजों को खासा परेशान किया। सलामी बल्लेबाज रोहन राजभर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 140 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 263 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा महिपाल अपने शतक से महज तीन रन से चूक गए और उन्होंने 190 गेंदों में 97 रन की बहुमूल्य पारी खेली।

कार्तिक शर्मा ने भी तेजी से रन बनाते हुए 59 गेंदों में 63 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं करण लांबा ने भी 26 रन का उपयोगी योगदान दिया। हिमाचल की ओर से गेंदबाजी करते हुए अभिषेक कुमार ने 110 रन, अर्पित गुलेरिया ने 86 रन और जितेंद्र राणा ने 71 रन खर्च किए। दूसरी पारी में राजस्थान ने बड़ा स्कोर खड़ा कर मैच में मजबूत पकड़ बना ली।

हिमाचल प्रदेश की दूसरी पारी लड़खड़ाई

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल प्रदेश की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। मेजबान टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक सस्ते में अपने चार विकेट गंवा दिए और स्कोरबोर्ड पर केवल 83 रन ही जोड़ पाई। अब हिमाचल प्रदेश को जीत के लिए अंतिम दिन 364 रन और बनाने हैं जबकि उसके केवल छह विकेट शेष हैं। टीम के बल्लेबाजों के सामने मैच के आखिरी दिन न केवल बड़े लक्ष्य को हासिल करने बल्कि अपनी पारी को बचाने की भी कड़ी चुनौती होगी।

पहली पारी का हाल और दोनों टीमों का प्रदर्शन

इससे पहले मैच की पहली पारी में राजस्थान की पूरी टीम हिमाचल प्रदेश के गेंदबाजों के सामने धराशायी हो गई थी और महज 78 रन पर सिमट गई थी। वहीं, हिमाचल प्रदेश की पहली पारी भी 40 ओवर में 153 रन पर सिमट गई थी। हिमाचल की पहली पारी में अंकुश बैंस ने 78 गेंदों में 56 रन और पुखराज मान ने 50 गेंदों में 42 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा वैभव कल्टा ने 15 और जितेंद्र राणा ने 10 रन बनाए थे। राजस्थान की पहली पारी भी 30.3 ओवर में 78 रन पर ही ढेर हो गई थी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News