Glasgow News: भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की महिला 51 किलोग्राम वर्ग स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नॉर्दर्न आयरलैंड की कैटलिन फ्रायर्स को 5-0 के एकतरफा अंतर से हराकर भारत के लिए एक और पदक पक्का कर दिया है।
रिंग में शानदार लय में नजर आ रही साक्षी ने मुकाबले में बेहतरीन मूवमेंट और सटीक पंचों का इस्तेमाल किया। तीनों राउंड में अपना दबदबा बनाए रखते हुए उन्होंने विपक्षी मुक्केबाज को कोई मौका नहीं दिया। फाइनल में जगह बनाने के लिए साक्षी का मुकाबला शुक्रवार को कनाडा की एम्बर-जेन वॉल से होगा।
अन्य भारतीय मुक्केबाजों के क्वार्टर फाइनल मुकाबले
साक्षी ने इससे पहले बोत्सवाना की लेथाबो मोडुकानेले को मात देकर क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल किया था। प्रतियोगिता में भारत के अन्य बॉक्सर भी पदक के लिए मैदान में उतरेंगे। अरुंधति चौधरी महिलाओं के 70 किलोग्राम वर्ग में न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन के खिलाफ अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलेंगी।
पुरुष वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सचिन सिवाच 60 किलोग्राम, अंकुश यादव 80 किलोग्राम और नरेंद्र बेरवाल 90 प्लस किलोग्राम वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे। ग्लासगो खेलों में भारतीय एथलीटों ने अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य सहित कुल 12 पदक जीते हैं।