Kolkata News: रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-सी मुकाबले में महाराष्ट्र ने मेजबान बंगाल को 10 विकेट से हरा दिया। ईडन गार्डन्स में मिली इस जीत से महाराष्ट्र को बोनस सहित सात अंक मिले, जिससे टीम चार मैचों में 19 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। बंगाल को इस सत्र में पहली हार झेलनी पड़ी है।
कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले गए रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-सी मुकाबले में महाराष्ट्र ने मेजबान बंगाल पर 10 विकेट से जीत दर्ज की। खराब रोशनी के कारण शुरुआती तीन दिनों का खेल प्रभावित रहा, लेकिन चौथे और अंतिम दिन महाराष्ट्र ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत के साथ बोनस अंक भी हासिल किया। इस जीत से मिले सात अंकों की मदद से महाराष्ट्र ने बंगाल को पीछे छोड़ते हुए 19 अंकों के साथ अंक तालिका के शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया है। यह इस सत्र में महाराष्ट्र की सबसे बड़ी जीत है, जबकि बंगाल की इस सत्र की पहली हार है।
बंगाल की दूसरी पारी 186 रनों पर सिमटी
मैच के चौथे दिन सुबह बंगाल ने अपनी दूसरी पारी कल के स्कोर 4 विकेट पर 76 रन से आगे बढ़ाई। सुबह के सत्र में महाराष्ट्र के तेज गेंदबाज प्रदीप ढाडे ने सूरज जायसवाल और शाहबाज अहमद को एलबीडब्ल्यू आउट कर मेजबान टीम को दोहरे झटके दिए। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल और सुमंता गुप्ता ने छठे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला।
अभिषेक पोरेल ने 84 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 65 रनों की पारी खेली, जबकि सुमंता गुप्ता ने 59 रन बनाए। बाएं हाथ के स्पिनर हितेष वालुज ने पोरेल को स्लिप में कैच करवाकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बंगाल का निचला क्रम टिक नहीं सका और पूरी टीम 186 रनों पर सिमट गई।
ढाडे और वालुज ने झटके चार-चार विकेट
महाराष्ट्र की ओर से तेज गेंदबाज प्रदीप ढाडे और स्पिनर हितेष वालुज ने सटीक गेंदबाजी करते हुए चार-चार विकेट अपने नाम किए। प्रदीप ढाडे ने परिस्थितियों का लाभ उठाते हुए बंगाल के मध्यक्रम को कमजोर किया, वहीं हितेष वालुज ने अपनी टर्न और लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। दोनों गेंदबाजों के संयुक्त प्रयास से बंगाल की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही और महाराष्ट्र को जीत के लिए 112 रनों का आसान लक्ष्य मिला।
पृथ्वी शॉ और सचिन धस की नाबाद पारियां
जीत के लिए मिले 112 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाराष्ट्र की टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए इसे हासिल कर लिया। युवा बल्लेबाज सचिन धस ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 43 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वे 68 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 61 रन बनाकर नाबाद रहे।
दूसरे छोर पर अनुभवी सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने 47 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 50 गेंदों पर 3 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत नाबाद 53 रनों की तेज पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने बंगाल के गेंदबाजों को कोई मौका दिए बिना टीम को 10 विकेट से जीत दिला दी।