New Delhi News: न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच ल्यूक रोंची ने भारतीय टीम के युवा तेज गेंदबाजों की जमकर तारीफ की है। उन्होंने माना कि भारतीय पेसर्स ने शुरुआती दो वनडे मुकाबलों में परिस्थितियों का बेहतरीन फायदा उठाते हुए कीवी बल्लेबाजों के सामने कड़ी चुनौती रखी, जिससे मेजबान टीम बड़े स्कोर बनाने में नाकाम रही।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच ल्यूक रोंची भारतीय टीम के युवा तेज गेंदबाजी आक्रमण के मुरीद हो गए हैं। रोंची ने कहा कि भारत के युवा तेज गेंदबाजों ने शुरुआती दो एकदिवसीय मैचों में मेजबान बल्लेबाजों के सामने लगातार तीखे सवाल खड़े किए। इसी धारदार गेंदबाजी के चलते न्यूजीलैंड की टीम पहले दो मुकाबलों में क्रमश: 185 और 134 रन के मामूली स्कोर पर सिमट गई थी। ऑकलैंड और वेलिंगटन में खेले गए इन मुकाबलों में अर्शदीप सिंह, आकिब नबी, अंशुल कंबोज और गुरनूर बरार की चौकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड के गिरे 20 विकेटों में से 17 विकेट अपने नाम किए।
सही लाइन और लेंथ से भारतीय पेसर्स ने बढ़ाई मुश्किल
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ल्यूक रोंची ने भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन को सराहते हुए कहा कि वे बल्लेबाजों से लगातार कठिन सवाल पूछ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हां, उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की है। उनके लिए यह बहुत अच्छा अनुभव होगा। वे ऐसे मुकाबलों में खेल रहे हैं जहां गेंद हवा में ज्यादा स्विंग नहीं कर रही, बल्कि पिच से गति और उछाल मिल रहा है। वे इसका बखूबी फायदा उठा रहे हैं और इससे बेहद खुश होंगे।’’
रोंची इस बात से विशेष रूप से प्रभावित दिखे कि उपमहाद्वीप की सपाट पिचों पर खेलने के आदी होने के बावजूद भारतीय युवाओं ने तेज गेंदबाजों के अनुकूल माहौल में तुरंत सही लेंथ पकड़ ली। उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें सपाट पिचों पर गेंदबाजी करने की आदत रहती है। ऐसे में यह तेजी से समझना जरूरी होता है कि सही लेंथ और लाइन क्या होनी चाहिए। अगर गेंद थोड़ी भी हरकत कर रही हो, तो बल्लेबाजों पर दबाव कैसे बनाना है, यह उन्होंने बेहतरीन तरीके से करके दिखाया है।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘भारतीय तेज गेंदबाजों ने हमारे शीर्ष क्रम को लगातार चुनौती दी है और शुरुआती ओवरों में ही अहम विकेट चटकाए हैं। अलग-अलग मैचों में उनका प्रभाव साफ नजर आया है। युवाओं को टीम में जगह बनाते और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसा प्रदर्शन करते देखना रोमांचक है।’’
टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए मददगार हैं ये पिचें
रोंची का मानना है कि भारत के खिलाफ मौजूदा एकदिवसीय शृंखला में मिल रही तेज गेंदबाजी की अनुकूल पिचें दोनों टीमों के लिए फायदेमंद साबित होंगी। यह अनुभव 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की आगामी शृंखला की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम रहेगा।
तीसरे एकदिवसीय मुकाबले की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘तकनीकी रूप से यह दोनों टीमों की तैयारी में मदद करेगा। न्यूजीलैंड में पारंपरिक रूप से टेस्ट क्रिकेट के लिए ऐसी ही पिचें तैयार की जाती हैं, जिन पर अच्छी घास रहती है। वेलिंगटन की पिच काफी हद तक टेस्ट मैच के अनुकूल थी। उस अनुभव को समझना और उससे सीखना दोनों टीमों के खिलाड़ियों के लिए उपयोगी रहेगा।’’
सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट की फॉर्म पर दिया भरोसा
न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच ने आक्रामक सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट का बचाव करते हुए उम्मीद जताई कि वह 50 ओवर के प्रारूप में जल्द ही अपनी पुरानी लय हासिल कर लेंगे।
साइफर्ट की फॉर्म पर बात करते हुए रोंची ने कहा, ‘‘उन्होंने पिछले करीब दो वर्षों से टी20 क्रिकेट के अलावा कोई दूसरा प्रारूप नहीं खेला है। इस कारण रणनीति और पारी को आगे बढ़ाने के लिहाज से यह उनके लिए एक चुनौती बन गया है। इसके अलावा मौजूदा शृंखला में पिचें भी बल्लेबाजी के अनुकूल नहीं रही हैं, जिससे रन बनाना आसान नहीं था। उम्मीद है कि वह जल्द ही 50 ओवर के प्रारूप के मुताबिक ढल जाएंगे।’’