पूर्व क्रिकेटर जैकब मार्टिन 22 साल पुराने आपराधिक मामले में बरी, पटियाला हाउस कोर्ट से मिली राहत

Share

- Advertisement -

Delhi News: पूर्व भारतीय क्रिकेटर जैकब मार्टिन को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने 22 साल पुराने एक क्रिमिनल केस में उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया है। मार्टिन पर फर्जी इमिग्रेशन स्टैंप, धोखाधड़ी और पासपोर्ट कानून के तहत केस दर्ज किया गया था।

अदालत में सुनवाई के दौरान जैकब मार्टिन के खिलाफ फर्जी इमिग्रेशन स्टैंप और वित्तीय लेन-देन से जुड़े आरोप साबित नहीं हो सके। कोर्ट को अज्वा स्पोर्ट्स क्लब पर उनके मालिकाना हक या नियंत्रण का कोई ठोस सबूत नहीं मिला। गवाह भी पूर्व खिलाड़ी के खिलाफ लगे आरोपों को साबित करने में नाकाम रहे।

फैसला आने के बाद पूर्व क्रिकेटर ने बताया कि यह केस साल 2004 का है। उस वक्त उनकी क्रिकेट टीम का एक सदस्य ब्रिटेन में वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी रुका रहा था। वह फर्जी स्टैंप लगाकर भारत वापस लौटा था। मूल एफआईआर में उनका नाम नहीं था, जिसे बाद में जोड़ा गया।

जैकब मार्टिन ने बताया कि इस लंबे चले केस की वजह से उनकी रेलवे की नौकरी चली गई और उन्हें भारी तनाव से गुजरना पड़ा। उन्होंने कहा, “2004 में मेरी टीम यूके खेलने गई थी, एक लड़के को छोड़कर सभी वापस आ गए। जो रुका वह 6 महीने की सीमा से ज्यादा वहां रहा और जाली स्टैंप लगवा ली।”

पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा, “भारत आने पर उसे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पकड़ा गया। एफआईआर में मेरा नाम नहीं था, लेकिन जांच के दौरान मेरा नाम जोड़ा गया क्योंकि मैं इंटरनेशनल क्रिकेटर था। इन सालों में बीसीसीआई से कोई जवाब नहीं मिला, नौकरी भी गई। लेकिन इस फैसले से मुझे बड़ी राहत मिली है।”

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News