Saharanpur News: भारतीय टेस्ट टीम में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को जगह न मिलने को लेकर छिड़े राजनीतिक विवाद के बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में ओवैसी ने सिराज के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि वह एक सच्चे फाइटर हैं और जल्द ही टीम में दमदार वापसी करेंगे। वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा सिराज के चयन पर दिए गए बयान को लेकर भाजपा ने तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए पलटवार किया है।
सहारनपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मोहम्मद सिराज बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं और उनके पिता हैदराबाद में ऑटो रिक्शा चलाते थे। ओवैसी ने कहा कि सिराज ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया है और अपनी मेहनत, लगन व मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर भारतीय टीम के लिए खेलते हुए अब तक 144 टेस्ट विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि सिराज की सबसे बड़ी ताकत उनकी इच्छाशक्ति है, इसलिए उन्हें दबाना या लंबे समय तक टीम से बाहर रखना आसान नहीं है।
इंग्लैंड सीरीज का दिया उदाहरण, व्यवहार की भी की तारीफ
ओवैसी ने विश्वास जताया कि सिराज टीम इंडिया में मजबूती से वापसी करेंगे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का जिक्र करते हुए कहा कि सिराज ने उस सीरीज के सभी पांच मुकाबले खेले थे, जिसमें एक तेज गेंदबाज के रूप में 1,113 गेंदें फेंककर वह सीरीज के सबसे सफल गेंदबाज बने थे।
AIMIM प्रमुख ने सिराज के खेल के साथ-साथ उनके सरल स्वभाव और चरित्र की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सिराज की सादगी दूसरों के लिए मिसाल है और वह आने वाले समय में लंबे वक्त तक भारतीय टीम को बड़ी सफलताएं दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इमरान मसूद के बयान पर भाजपा का पलटवार
गौरतलब है कि सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट शृंखला में सिराज का चयन न होने पर धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा था कि उनका नाम मोहम्मद सिराज है, इसलिए उन्हें टीम से बाहर रखा गया। इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने मसूद पर ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत में राष्ट्रीय टीम का चयन धर्म के आधार पर नहीं होता और कांग्रेस को सांप्रदायिक राजनीति करने के बजाय यह बताना चाहिए कि उसने अपने शासनकाल में अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में कितनी खेल अकादमियां स्थापित कीं। वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि मसूद ने चुनाव से पहले ध्रुवीकरण के उद्देश्य से यह बयान दिया है।