New Delhi News: पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग का मानना है कि मुंबई इंडियंस से ट्रेड के जरिए हार्दिक पांड्या के आने से टीम की कमजोरियां दूर हुई हैं। आईपीएल 2027 से पहले अर्शदीप सिंह के बदले 18 करोड़ रुपये में जुड़े पांड्या से पंजाब किंग्स एक संतुलित ऑलराउंड टीम बन गई है। उधर, राजस्थान रॉयल्स के कोच कुमार संगकारा ने शिमरोन हेटमायर को रिलीज करने को मुश्किल फैसला बताया है।
पंजाब किंग्स (PBKS) के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने कहा है कि ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के जुड़ने से फ्रेंचाइजी को अपनी सभी कमजोरियों को दूर करने में मदद मिली है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2027 सत्र से पहले टीम अब एक बेहद संतुलित ‘ऑलराउंड टीम’ बन गई है। हार्दिक पांड्या तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बदले ‘ट्रेड’ के जरिए मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स में शामिल हुए हैं।
‘जियोस्टार’ से बातचीत में पोंटिंग ने कहा, “मैंने हमेशा इस बात का ध्यान रखा है कि अगले साल होने वाली मेगा नीलामी से पहले तीन साल के इस चक्र में हमारी टीम के ज्यादातर खिलाड़ी एक साथ बने रहें। इसलिए हमने आईपीएल 2027 से पहले छह खिलाड़ियों को रिलीज करने और 19 खिलाड़ियों को बरकरार रखने का फैसला किया है।”
ऑलराउंडरों से मजबूत हुई पंजाब किंग्स: रिकी पोंटिंग
18 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स से जुड़े हार्दिक पांड्या के प्रभाव पर पोंटिंग ने कहा, “हमने ट्रेड के जरिए हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल किया है और अर्शदीप सिंह को दूसरी टीम में भेजा है। अब हमारे पास एक बेहद संतुलित टीम है। हमारी टीम में कितने ऑलराउंडर हैं, इसको लेकर काफी चर्चा हो रही है।”
पोंटिंग ने आगे बताया कि पांड्या के आने के साथ टीम में मार्को यानसन, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह और कूपर कोनोली जैसे ऑलराउंडर भी मौजूद हैं। उनके अनुसार, इससे टीम को काफी फायदा होगा क्योंकि स्पिन गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर हों या तेज गेंदबाजी करने वाले, फ्रेंचाइजी ने लगभग हर विभाग को मजबूत कर लिया है।
शिमरोन हेटमायर को रिलीज करना मुश्किल फैसला था: कुमार संगकारा
दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर को टीम से रिलीज करने के फैसले पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “वेस्टइंडीज के इस खिलाड़ी की बल्लेबाजी क्रम में अलग स्थान पर खेलने की इच्छा थी। हमें हेट्टी (हेटमायर) को रिलीज करना पड़ा। पिछले डेढ़ साल से हेट्टी की इच्छा किसी दूसरे बल्लेबाजी क्रम पर खेलने की रही है। इसमें कोई शक नहीं कि वह अब भी एक शानदार खिलाड़ी हैं।”
संगकारा ने स्पष्ट किया कि नीलामी में अपनी जरूरत के मुताबिक खिलाड़ियों को खरीदने के लिए पर्याप्त धनराशि जुटाना और टीम को जरूरी लचीलापन देना भी महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहती थी और यह उनके लिए काफी मुश्किल फैसला था, लेकिन टीम के संतुलन के लिए यह कदम उठाना आवश्यक हो गया था।