Budapest News: अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फीडे) ने विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन के आचरण को अभूतपूर्व और अस्वीकार्य बताते हुए मामला अपने नैतिकता एवं अनुशासन आयोग को सौंपने की घोषणा की है। यह मामला बुडापेस्ट में संपन्न टोटल चेस वर्ल्ड चैंपियनशिप टूर पायलट 2026 के दौरान कार्लसन के लगातार बाजियां फॉरफिट करने से जुड़ा है।
लुसाने, स्विट्जरलैंड से जारी बयान में फीडे ने कहा कि टूर्नामेंट के दौरान लगातार बाजियां फॉरफिट करने पर विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन मुश्किल में पड़ गए हैं। फीडे के इस बयान पर अध्यक्ष तिमुर तुर्लोव और उपाध्यक्ष विश्वनाथन आनंद के हस्ताक्षर हैं।
फीडे ने पदक विजेताओं अलीरेजा फिरौजा, अनीश गिरि और फबियानो करूआना को बधाई देने के साथ टूर्नामेंट में कई बाजियां फॉरफिट होने पर गंभीर चिंता जताई। फीडे के अनुसार, कार्लसन सहित कुछ खिलाड़ियों ने परिणाम तय हो जाने के बाद बाजियां नहीं खेलीं, जो सभी बाजियां खेलने के नियम का उल्लंघन था, हालांकि इससे परिणामों पर असर नहीं पड़ा।
लेकिन रूस के व्लादिस्लाव आर्टेमिएव के खिलाफ 17वें स्थान के मुकाबले में कार्लसन ने दो दिनों में तीन बाजियां तब फॉरफिट कीं, जब मुकाबले का फैसला नहीं हुआ था। फीडे ने इसे शीर्ष स्तर के पेशेवर शतरंज में अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि इससे निष्पक्ष खेल के सिद्धांत कमजोर होते हैं और रेटिंग सूची के शीर्ष पर भी गंभीर असर पड़ा है। फीडे ने कहा कि कार्लसन के कद को देखते हुए ऐसा आचरण और भी चिंताजनक है, क्योंकि यह प्रतिद्वंदियों, दर्शकों और साझेदारों के प्रति सम्मान की कमी को दर्शाता है।
निर्णायकों पर भी सवाल
फीडे ने टूर्नामेंट के निर्णायकों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने नियमों को लागू करने की अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। संबंधित निर्णायकों का मामला फीडे आर्बिटर्स कमीशन और उसकी अनुशासन उप-समिति को जांच के लिए भेजा जाएगा।
फीडे ने यह भी कहा कि वह 2027 सत्र से पहले टोटल चेस के साथ मिलकर फॉरफिट से जुड़े नियमों को और सख्त बनाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।