New Delhi News: अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर देश में राजनीतिक विवाद गहरा गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर विदेश की धरती से देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की नीतियों और परिवारवाद पर भी सवाल उठाए।
अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर दिए गए बयान पर देश में सियासी घमासान तेज हो गया है। राहुल गांधी ने वहां एक कार्यक्रम में दावा किया था कि भारत इस समय आर्थिक तबाही के मुहाने पर खड़ा है। उनके इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन पर सीधा हमला बोला है।
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी जमीन से भारत की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “कुछ लोग इस मिट्टी का खाते हैं और इसी मिट्टी से आते हैं, लेकिन विदेश जाकर इसी मिट्टी और देश का अपमान करते हैं। उन्हें भारत के विकास और उसकी तरक्की से दुख होता है।” बीजेपी अध्यक्ष ने आगे कहा कि राहुल गांधी भारत की अर्थव्यवस्था को डिजास्टर बता रहे हैं, जबकि देश के 140 करोड़ नागरिक मिलकर आगे बढ़ने के लिए काम कर रहे हैं।
राजीव गांधी के बयान और जनधन योजना का दिया हवाला
नितिन नवीन ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की आर्थिक नीतियों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस सरकारें गरीबों तक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं पहुंचा सकीं। बीजेपी अध्यक्ष के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है और अब सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस चर्चित बयान की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने कहा था कि दिल्ली से भेजे गए एक रुपये में से गरीबों तक केवल 15 पैसे ही पहुंचते हैं। नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस शासन की इस वास्तविकता को स्वयं उनके प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया था। उन्होंने जनधन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जब गरीबों के बैंक खाते खोलने की शुरुआत हुई थी, तब कई कांग्रेस नेताओं ने इसका मजाक उड़ाया था। उनके मुताबिक, अब बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने से योजनाओं का लाभ सीधे जनता को मिल रहा है।
परिवारवाद और वरिष्ठ नेताओं के सम्मान पर उठाए सवाल
अपने बयान में बीजेपी अध्यक्ष ने कांग्रेस नेतृत्व पर परिवारवाद को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे शासन के दौरान कांग्रेस का ध्यान देश और संगठन से अधिक एक ही परिवार पर केंद्रित रहा।
नितिन नवीन ने कहा कि यदि कांग्रेस को वास्तव में अपनी पार्टी और वरिष्ठ नेताओं की चिंता होती, तो पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का अपमान नहीं किया जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने कई वरिष्ठ नेताओं के योगदान को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे।
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में क्या बोले थे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद के दौरान भारत की आर्थिक स्थिति और सरकारी नीतियों पर सवाल उठाए थे। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी योजनाओं के प्रभाव पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए कहा था कि इन पहलों के बावजूद देश में पर्याप्त रोजगार सृजित नहीं हो पाए हैं। राहुल गांधी के अनुसार, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति भारत के सामने गंभीर चुनौतियां हैं।
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने कहा था, “सीधी बात यह है कि भारत एक आर्थिक आपदा के मुहाने पर बैठा है। यही वास्तविकता है। कोई इसे नजरअंदाज कर सकता है, मीडिया भी इसे नजरअंदाज कर सकता है। लेकिन भारत में बेरोजगारी की बहुत बड़ी समस्या है और शिक्षा व्यवस्था भी गंभीर संकट से जूझ रही है।”
राहुल गांधी के इस बयान के बाद से सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। कांग्रेस जहां बेरोजगारी, शिक्षा और आर्थिक नीतियों के असर को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठा रही है, वहीं बीजेपी इसे विदेश में देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बयान बता रही है।