Chamba News: उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के लिए प्रशासन और श्री मणिमहेश न्यास भरमौर ने पुख्ता व्यवस्था की है। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं से मनमाना किराया और अवैध वसूली रोकने के उद्देश्य से टेंट में ठहरने और खाद्य पदार्थों के आधिकारिक रेट तय कर दिए गए हैं।
प्रशासन ने पूरी यात्रा को ऊंचाई और सामान ढुलाई की लागत के अनुसार तीन प्रमुख सेक्टरों में बांटा है। इनमें भरमौर व हड़सर, धनछो व सुंदरासी तथा गौरीकुंड व डल झील सेक्टर शामिल हैं। इस बार प्रति बिस्तर (3×6) ठहरने का शुल्क 250 रुपये से लेकर 350 रुपये तक निर्धारित किया गया है।
चाय-नाश्ते और भोजन के रेट भी किए निर्धारित
नए नियमों के तहत भरमौर व हड़सर में प्रति बिस्तर 250 रुपये, धनछो से सुंदरासी में 300 रुपये और गौरीकुंड से शिव कुंड में 350 रुपये चुकाने होंगे। इसके अलावा चाय 15 से 20 रुपये, कॉफी 30 से 50 रुपये और मैगी 30 से 50 रुपये प्रति प्लेट तय की गई है।
भोजन की दरों में दाल-चावल फुल प्लेट 50 से 70 रुपये, भरवां परांठा 55 से 70 रुपये और फुल डाइट थाली 150 से 190 रुपये के बीच मिलेगी। मोमो और चाउमिन की फुल प्लेट दरें 100 से 130 रुपये तक तय की गई हैं, जिससे यात्रियों को उचित दाम पर खाना मिले।
रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य, अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने सभी ढाबों और टेंट संचालकों को रेट लिस्ट बाहर लगाना अनिवार्य किया है। अधिक पैसे वसूलने पर श्रद्धालु हेल्पलाइन नंबर 100, आधिकारिक पोर्टल manimaheshyatra.hp.gov.in या ईमेल smmtyatra@gmail.com पर शिकायत कर सकते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं को पारदर्शी सुविधाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता है।