Chamba News: उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के लिए हेलीकॉप्टर सेवा आगामी 25 अगस्त से शुरू होगी। यह हेली टैक्सी सेवा 20 सितंबर तक संचालित की जानी प्रस्तावित है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विस्तृत दिशानिर्देश (एसओपी) जारी किए हैं।
हेलीकॉप्टर सेवा के लिए भरमौर से गौरीकुंड का किराया 3,828 रुपये और होली से गौरीकुंड का किराया 6,255 रुपये तय किया गया है। यात्रा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग आधिकारिक पोर्टल पर शुरू हो गई है। 75 किलो से अधिक वजन वाले यात्रियों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
डीजीसीए और प्रशासन की मंजूरी के बाद शुरू होंगी उड़ानें
हेली सेवा नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और स्थानीय प्रशासन से अंतिम अनुमति मिलने के बाद ही उड़ान भरेगी। डीजीसीए टीम हेलीपैड की सुरक्षा और तकनीकी स्थिति की जांच करेगी। किसी कारणवश मंजूरी न मिलने की स्थिति में यात्रियों को बेस किराये का शत-प्रतिशत रिफंड दे दिया जाएगा।
टिकट बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट manimaheshyatra.hp.gov.in से ही मान्य होगी। फर्जी टिकट मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों को अपने साथ अधिकृत डॉक्टर द्वारा जारी मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और मूल फोटो पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। दो साल से छोटे बच्चों के लिए यात्रा पूरी तरह निशुल्क रहेगी।
समय-सारणी और टिकट रद्दीकरण के कड़े नियम
यात्रियों को निर्धारित स्लॉट से कम से कम 30 मिनट पहले काउंटर पर रिपोर्ट करना होगा। उसी दिन लौटने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए तीन घंटे का समय मिलेगा। दोपहर 12 बजे के बाद उड़ान भरने वाले यात्रियों को अगले दिन वापसी की श्रेणी में रखा जाएगा।
बोर्डिंग से 120 घंटे पूर्व टिकट रद्द करने पर 25 प्रतिशत और 24 से 120 घंटे के बीच 50 प्रतिशत कटौती होगी। 24 घंटे के भीतर टिकट रद्द कराने पर कोई रिफंड नहीं मिलेगा। हालांकि, खराब मौसम या तकनीकी खराबी के चलते उड़ान रद्द होने पर पूरा रिफंड खाते में भेजा जाएगा।