Shimla News: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला में 30 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत के अनाथ और विधवा सेस वाले बयान पर जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अधूरी जानकारी के साथ बयानबाजी करने से बचना चाहिए।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि समस्त हिमाचल का समग्र विकास करना सरकार का मुख्य दायित्व है। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में लगभग 650 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। क्षेत्र में बसों की कमी को दूर करने के लिए इन 30 नई इलेक्ट्रिक बसों की सेवा शुरू की गई है, जो बेहद अच्छी शुरुआत है।
कंगना रनौत पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूरे देश में पेट्रोल और डीजल के रेट बढ़ रहे हैं, जिसे राज्य सरकार नहीं बढ़ा रही है। सरकार ने अनाथ बच्चों और विधवा महिलाओं के कल्याण के लिए केवल 60 पैसे का सेस लगाया है। कंगना को देश भर में बढ़ रही तेल कीमतों और ई20 पर भी बात करनी चाहिए।
कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1,500 करोड़ रुपये की सहायता राशि हिमाचल को अब तक नहीं मिली है। कंगना रनौत दिल्ली जाकर केंद्र सरकार से बात करें और यह फंड राज्य के लिए लेकर आएं। बता दें कि हिमाचल सरकार ने 12 अगस्त से पेट्रोल-डीजल पर 60 पैसे ‘विडो एंड ऑर्फन सेस’ लागू किया है।
प्रदेश में सड़कों की स्थिति पर मंत्री ने बताया कि बंद 200 से 250 सड़कों में से 75 से 100 सड़कें शाम तक बहाल कर दी गईं। जगह-जगह आधुनिक मशीनें लगाकर लगातार निगरानी की जा रही है। सरकार का पूरा प्रयास है कि भारी बारिश के कारण राज्य के किसानों और बागवानों को कोई परेशानी न हो।