Lucknow News: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी आज से ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत प्रदेशव्यापी पदयात्राओं की शुरुआत करने जा रही है। मंगलवार को राजधानी लखनऊ में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बरेली में जेपी नड्डा पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। इस अभियान के जरिए भाजपा कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर देश को अस्थिर करने और अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए जनता के बीच जाएगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बड़े स्तर पर पदयात्राएं निकालने जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के कथित दोहरे मापदंडों, देश विरोधी राजनीति और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को जनता के समक्ष उजागर करना है।
लखनऊ और बरेली से पदयात्राओं का आगाज
अभियान के पहले दिन मंगलवार को राजधानी लखनऊ में दोपहर 12 बजे लोकभवन से परिवर्तन चौक तक पदयात्रा निकाली जाएगी। प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रभारी दिलीप पटेल के अनुसार, लखनऊ में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और पार्टी पदाधिकारी इस पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।
इसी क्रम में मंगलवार को ब्रज क्षेत्र के बरेली में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके जरिए पार्टी विपक्ष के राजनीतिक एजेंडे का जवाब जमीनी स्तर पर देगी।
4 और 5 नवंबर को इन शहरों में होगा आयोजन
अभियान के तहत 4 नवंबर को गोरखपुर क्षेत्र में पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसका नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी करेंगे। इसी दिन प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कानपुर में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के नेतृत्व में पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी।
वहीं, 5 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विशाल पदयात्रा का आयोजन होगा। भाजपा इन पदयात्राओं के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों का संदेश देते हुए विपक्षी दलों के राजनीतिक नैरेटिव का आक्रामक जवाब देने की तैयारी में है।